Dharchula Running Club is motivating local youth to stay away from drugs through free Sunday running, swimming, PT and fitness activities, promoting a healthy lifestyle.
- हर रविवार दौड़, तैराकी और व्यायाम से युवाओं को जोड़ रहा DRC
- बिना शुल्क कोई भी बन सकता है क्लब का हिस्सा
नदीम परवेज@ धारचूला। सीमांत क्षेत्र धारचूला में युवाओं को नशे से दूर रखने और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने के लिए धारचूला रनिंग क्लब (DRC) की अनूठी मुहिम तेजी से आकार ले रही है। हर सप्ताह नए युवा क्लब से जुड़ रहे हैं और रविवार की सुबह को खेल, व्यायाम व सकारात्मक गतिविधियों के लिए समर्पित कर रहे हैं।
DRC की ओर से प्रत्येक रविवार दौड़, तैराकी, पीटी और विभिन्न व्यायाम कराए जाते हैं। क्लब का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाकर खेल और फिटनेस की ओर आकर्षित करना है। खास बात यह है कि क्लब पूरी तरह स्वतंत्र है और इसमें किसी तरह का शुल्क नहीं लिया जाता। क्षेत्र का कोई भी युवा इस मुहिम का हिस्सा बन सकता है।
क्लब में युवाओं के साथ पूर्व सैनिक, खिलाड़ी और नियमित व्यायाम करने वाले लोग भी सक्रिय हैं। इनके अनुभव और अनुशासन से युवाओं को फिटनेस के साथ सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा मिल रही है।
DRC से मानिक गर्बियाल, पूर्व सैनिक पुनित कुटीयाल, निक्स रायपा, दीपेश नेगी, रोहन, पंकज भट्ट, पंकज समेत बड़ी संख्या में युवा जुड़े हैं। क्लब की अपील है कि युवा हर रविवार कुछ समय स्वास्थ्य और फिटनेस को दें। नशे से दूर रहें, खेल से जुड़ें और स्वस्थ शरीर के साथ स्वस्थ समाज के निर्माण में भागीदार बनें।
