Uttarakhand Transport Minister Pradeep Batra inaugurated sports events at the 50th Golden Jubilee Kunjapuri Mela. A grand march past, cultural performances and a national-level volleyball exhibition match marked the opening.
- कुंजापुरी मेले के खेलों का परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने किया शुभारंभ
वाचस्पति रयाल@ नरेंद्रनगर। सुप्रसिद्ध सिद्धपीठ श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले के 50वें स्वर्ण जयंती आयोजन में खेल प्रतियोगिताओं का भव्य आगाज हुआ। प्रदेश के परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने क्षेत्रीय विधायक एवं स्वास्थ्य व वन मंत्री सुबोध उनियाल की मौजूदगी में खेलों का उद्घाटन किया। इस दौरान विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों के रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और भव्य मार्च पास्ट ने समारोह में चार चांद लगा दिए।
मुख्य अतिथि प्रदीप बत्रा ने मार्च पास्ट की सलामी ली। विभिन्न शिक्षण संस्थानों, राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) और 40वीं पीएसी हरिद्वार के जवानों ने अनुशासित मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। पिथौरागढ़ से आए छोलिया नृत्य दल की प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रही। स्वागत गान, सरस्वती वंदना और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच राष्ट्रीय स्तर की वॉलीबॉल प्रतियोगिता के शो मैच से खेलों की शुरुआत हुई।
परिवहन मंत्री ने कहा कि खेल स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन के लिए जरूरी हैं। खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता निखारने, करियर बनाने और रोजगार हासिल करने का अवसर देते हैं। खेलों के माध्यम से युवा प्रदेश और देश के विकास में भी योगदान दे सकते हैं।
मेले के मुख्य संरक्षक सुबोध उनियाल ने कहा कि कुंजापुरी मेला आज प्रदेश के प्रमुख आयोजनों में शामिल हो चुका है। उन्होंने युवाओं से मेहनत, निष्ठा और समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल जीवन में जीत का जज्बा पैदा करने के साथ अंतरराष्ट्रीय भाईचारे को भी मजबूत करते हैं। खिलाड़ियों को निष्पक्ष खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेना चाहिए।
मेला समिति के अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार ने बताया कि मेले का स्वरूप राष्ट्रीय स्तर का हो गया है। यहां बंगाल, कर्नाटक और राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों के खिलाड़ी वॉलीबॉल और फुटबॉल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर रहे हैं।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक महेश गुसाईं ने किया। इस दौरान उपजिलाधिकारी आशीष चंद्र घिल्डियाल, खेल समिति अध्यक्ष साकेत बिजल्वाण सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।
