Free Medical Camp in Dharchula by Sai Hospital Haldwani Treats Over 200 Patients
नदीम परवेज@ धारचूला।
साईं अस्पताल हल्द्वानी के नेतृत्व में धारचूला में एक निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने मरीजों का उपचार किया।
शिविर में हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. मोहन सती, हृदय रोग विशेषज्ञ (कार्डियोलॉजिस्ट) डॉ. प्रमोद जोशी तथा लिवर ट्रांसप्लांट एवं पेट संबंधी बीमारियों के वरिष्ठ सर्जन शामिल रहे। डॉक्टरों की टीम ने करीब 200 से अधिक मरीजों की जांच की, जिनमें बड़ी संख्या बीपी और शुगर के मरीजों की रही।

शिविर के दौरान एक मरीज को अचानक हार्ट अटैक आया, जिस पर डॉक्टरों ने तुरंत प्राथमिक उपचार देकर उसे उच्च केंद्र के लिए रेफर किया। इसके अलावा मरीजों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।
जानकारी के अनुसार, लगभग 80 मरीज पेट एवं लिवर से संबंधित बीमारियों से ग्रसित पाए गए। कुछ मरीजों में गंभीर बीमारियों, यहां तक कि कैंसर के शुरुआती लक्षण भी नजर आए।
हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. मोहन सती ने कहा कि क्षेत्र में पेट, हड्डी और अन्य गंभीर बीमारियों के इलाज की अत्यधिक आवश्यकता है। उन्होंने सरकार से क्षेत्र में स्थायी चिकित्सा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की और अन्य अस्पतालों से भी ऐसे निःशुल्क शिविर आयोजित करने की अपील की, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

उन्होंने यह भी बताया कि शिविर में आए मरीजों को आगे की जांच, जैसे ब्लड टेस्ट आदि पर 20 प्रतिशत की छूट दी जाएगी, विशेषकर दूर-दराज से आने वाले लोगों के लिए।
कैम्प इंचार्ज बृजेश बिष्ट ने बताया कि इससे पहले मुनस्यारी में आयोजित शिविर में लगभग 300 मरीजों का निःशुल्क उपचार किया गया था और दवाइयां वितरित की गई थीं। आज भी मरीजों को मुफ्त दवाएं दी जा रही हैं।
स्थानीय लोगों—रूप सिंह दानू, सोनल, अरविंद, अभिषेक धामी सहित अन्य युवाओं ने शिविर के संचालन में सक्रिय सहयोग दिया। हालांकि, स्थानीय लोगों ने यह भी नाराजगी जताई कि धारचूला अस्पताल का कोई भी कर्मचारी शिविर में व्यवस्था के लिए मौजूद नहीं था। अरविंद सिंह ने बताया कि चिकित्सा अधिकारी भी अनुपस्थित रहे।
इसके बावजूद, क्षेत्र के नागरिकों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे बेहद लाभकारी और आवश्यक बताया, और भविष्य में ऐसे और शिविर आयोजित करने की मांग की।
