- मुगलिया सोच या विकास की राजनीति?’,जनसभा में धामी का आक्रामक भाषण
हरिद्वार@रा. वि.।
हरिद्वार में आयोजित जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का इस बार अलग और जोशीला अंदाज देखने को मिला। आमतौर पर शांत स्वभाव के लिए जाने जाने वाले धामी इस बार मंच से काफी आक्रामक नजर आए और उन्होंने कांग्रेस पर तीखे हमले किए।
बैरागी कैंप में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार के चार वर्षों के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों का उल्लेख किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता को तय करना है कि उसे मुगलिया सोच वाली पार्टी चाहिए या विकास की राजनीति करने वाली पार्टी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों से देश में आतंकवाद और नक्सलवाद पर प्रभावी नियंत्रण हुआ है। जिन क्षेत्रों में कभी भय और अशांति का माहौल रहता था, वहां आज विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक समय कश्मीर के लाल चौक पर तिरंगा फहराना चुनौती माना जाता था, लेकिन आज वहां गर्व के साथ तिरंगा लहरा रहा है।
धामी ने कहा कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, उज्जैन में महाकाल लोक तथा बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण जैसे कार्यों ने देश की सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान दी है। उन्होंने हरिद्वार में आयोजित होने वाले आगामी कुंभ मेले के लिए केंद्र सरकार द्वारा 500 करोड़ रुपये स्वीकृत किए जाने पर आभार भी व्यक्त किया।
जनसभा में मुख्यमंत्री के इस जोशीले और आक्रामक अंदाज ने लोगों को खासा उत्साहित किया और राजनीतिक हलकों में भी इसे खास चर्चा का विषय माना जा रहा है।
