- हरिद्वार में भाजपा की रणनीतिक टोली बैठक, बूथ मजबूती और कार्यकर्ता संतुष्टि पर दिया फोकस
देहरादून@रा.वि.।
आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी ने अपनी रणनीतिक तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी कड़ी में शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah की मौजूदगी में भाजपा की प्रदेश टोली बैठक आयोजित हुई, जिसमें संगठन विस्तार, कार्यकर्ताओं की संतुष्टि और बूथ स्तर तक चुनावी मजबूती पर गहन मंथन किया गया।
हरिद्वार में देहरादून मार्ग स्थित एक निजी होटल में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में केंद्रीय नेतृत्व ने प्रदेश संगठन को आगामी चुनावों के लिए स्पष्ट रणनीति और दिशा देने का काम किया। बैठक की जानकारी देते हुए प्रदेश अध्यक्ष Mahendra Bhatt ने बताया कि चुनावी वर्ष को देखते हुए अमित शाह ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने का मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की संतुष्टि और संगठन विस्तार को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को चिन्हित करें और समाधान का प्रयास करें।
भट्ट ने बताया कि संगठन विस्तार के तहत जल्द ही बूथ और मंडल स्तर पर विभिन्न प्रकोष्ठों और विभागों की इकाइयों का गठन किया जाएगा। इससे पार्टी की सक्रियता और संगठनात्मक मजबूती पहले से अधिक प्रभावी होगी।
बैठक में आगामी समय में शुरू होने वाली एसआईआर (Special Intensive Revision) प्रक्रिया को लेकर भी चर्चा हुई। इसके तहत पार्टी ने बीएलए-2 (Booth Level Agents) की नियुक्ति का काम शत-प्रतिशत पूरा करने का लक्ष्य तय किया है, ताकि मतदाता सूची के आधार पर बूथ स्तर तक चुनावी तैयारियां मजबूत की जा सकें। पार्टी चरणबद्ध तरीके से अपनी गतिविधियों को आगे बढ़ाते हुए बूथ स्तर पर जीत सुनिश्चित करने की रणनीति पर काम करेगी।
बैठक में यह भी तय किया गया कि सभी सांसद और विधायक 2027 के चुनाव को ध्यान में रखते हुए अधिक सक्रियता के साथ अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं और जनता के बीच जाएंगे। वे आम लोगों की समस्याओं और स्थानीय मुद्दों को सुनेंगे तथा उनके समाधान के लिए प्रयास करेंगे, जिससे पार्टी और जनता के बीच संवाद और विश्वास को मजबूत किया जा सके।
इस रणनीतिक बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित राज्य सरकार के सभी कैबिनेट मंत्री मौजूद रहे। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल , त्रिवेंद्र रावत, तीरथ सिंह रावत, विजय बहुगुणा, सांसद अनिल बलूनी, नरेश बंसल, अजय भट्ट, महारानी माला राज्यलक्ष्मी, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत और तरुण बंसल सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में भाजपा के सभी सात मोर्चों के अध्यक्ष भी शामिल हुए। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार यह बैठक आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा के लिए संगठनात्मक तैयारी और चुनावी रणनीति की अहम शुरुआत मानी जा रही है, जहां केंद्रीय नेतृत्व ने प्रदेश इकाई को बूथ स्तर तक सक्रिय और मजबूत बनाने का स्पष्ट संदेश दिया।
