देहरादून@रा.वि.। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 7 मार्च, यानी कल शनिवार को हरिद्वार के बैरागी कैंप में आयोजित विकास एवं न्याय संहिता प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। इस दौरान वे उत्तराखंड में पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में बीते चार वर्षों में हुए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के कामकाज को भी परखेंगे तथा एक जनसभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में राज्य सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक और वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
प्रदर्शनी में धामी सरकार के चार साल के कार्यकाल में बुनियादी ढांचे के विकास, सड़क एवं संपर्क मार्गों के सुदृढ़ीकरण, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, शिक्षा सुधार, निवेश प्रोत्साहन, पर्यटन विकास, धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण तथा सीमांत क्षेत्रों के विकास से जुड़े प्रमुख कार्यों को प्रदर्शित किया जाएगा। विभिन्न विभागों द्वारा तैयार किए गए मॉडल, चित्रों और सूचना पैनलों के माध्यम से राज्य की विकास यात्रा की झलक आमजन को दिखाई जाएगी।
इसी क्रम में 7 से 9 मार्च तक बैरागी कैंप में नई आपराधिक न्याय व्यवस्था पर आधारित “न्याय संहिता” विषयक राज्य स्तरीय प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी। इसमें केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए नए आपराधिक कानून— भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, और भारतीय साक्ष्य अधिनियम की प्रमुख विशेषताओं को सरल तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा।
प्रदर्शनी में समयबद्ध जांच, इलेक्ट्रॉनिक एफआईआर, डिजिटल साक्ष्यों की वैधता, महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराधों के लिए सख्त प्रावधान, संगठित और साइबर अपराध पर नियंत्रण जैसे प्रावधानों की जानकारी दी जाएगी। नाट्य प्रस्तुतियों, डिजिटल प्रदर्शन और जनसंवाद के माध्यम से नागरिकों को नई न्याय व्यवस्था और त्वरित न्याय की अवधारणा से अवगत कराया जाएगा।
यह आयोजन धामी सरकार के चार वर्षों के कार्यों को जनता और केंद्र के सामने प्रस्तुत करने का एक महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।
