- ग्राफिक एरा अस्पताल में ली अंतिम सांस
- परिवार में छाया मातम, गांव क्षेत्र और नरेंद्रनगर में शोक की लहर
- नम आंखों से दी अंतिम विदाई, पूर्णानंद घाट ऋषिकेश में हुआ अंतिम संस्कार
वाचस्पति रयाल @ रा.वि.नरेंद्रनगर।
नरेंद्रनगर के चित-परिचित और प्रतिष्ठित व्यापारी हरपाल सिंह नेगी (56) का गुरुवार को देहरादून स्थित ग्राफिक एरा हॉस्पिटल में उपचार के दौरान निधन हो गया। वह लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया, वहीं पैतृक गांव चोपड़ा, सोनी क्षेत्र तथा नरेंद्रनगर शहर में भी शोक की लहर दौड़ गई।
दिवंगत हरपाल सिंह नेगी अपने मिलनसार स्वभाव, मृदुभाषी व्यवहार और सादगी के लिए क्षेत्र में विशेष पहचान रखते थे। उनके निधन पर नरेंद्रनगर और कुमारखेड़ा क्षेत्र के बाजार भी शोक स्वरूप बंद रहे। स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने इसे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
शुक्रवार को उनका अंतिम संस्कार पूर्णानंद घाट में पूरे धार्मिक विधि-विधान के साथ किया गया। उनके दोनों पुत्र देवेंद्र नेगी और हरेंद्र नेगी ने नम आंखों से अपने पिता की चिता को मुखाग्नि दी। इस दौरान परिजन, रिश्तेदार, व्यापारी और क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोग अंतिम यात्रा में शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे।
दिवंगत हरपाल सिंह नेगी अपने पीछे पत्नी, एक पुत्री और दो पुत्रों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। बताया गया कि वह पांच भाइयों में तीसरे नंबर पर थे। परिवार के सदस्यों के अनुसार वे पिछले कई दिनों से बीमार थे और उनका इलाज देहरादून के ग्राफिक एरा अस्पताल में चल रहा था, जहां गुरुवार दोपहर उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
उनकी अंतिम यात्रा में क्षेत्र के पूर्व विधायक ओम गोपाल रावत, सामाजिक कार्यकर्ता विक्रम सिंह कैन्तुरा, व्यापार उद्योग मंडल नरेंद्रनगर के अध्यक्ष जितेंद्र चांदपुरी, पूर्व पालिका अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार, टिहरी व्यापार उद्योग के जिला मंत्री एवं पूर्व पालिका उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह गुसाईं, वन मंत्री सुबोध उनियाल के प्रतिनिधि विनोद गंगोटी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, व्यापारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
आचार्य रजत कोटियाल ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराई, जिसके बाद अंत्येष्टि की रस्म पूरी की गई। क्षेत्रवासियों का कहना है कि हरपाल सिंह नेगी को उनके सरल स्वभाव, सहयोगी भावना और समाज के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण के लिए लंबे समय तक याद किया जाएगा।
