Congress Protests Against Paper Leaks and Police Action on Students in Narendra Nagar
- छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन
- केंद्र सरकार पर लोकतंत्र कुचलने का आरोप
वाचस्पति रयाल@ नरेंद्रनगर। देशभर में प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली, पेपर लीक और छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में गुरुवार को नरेंद्रनगर कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने नगर के मुख्य मार्गों पर जुलूस निकालकर केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान प्रधानमंत्री का पुतला दहन करने की कोशिश को लेकर पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक और छीना-झपटी भी हुई।

प्रदर्शनकारियों और पुलिस में छीना-झपटी: प्रदर्शन से पहले कांग्रेस कार्यकर्ता बाजार स्थित नंदी बैल स्थल पर एकत्र हुए, जहां प्रधानमंत्री का पुतला दहन करने की तैयारी थी। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और पुतले को अपने कब्जे में ले लिया। पुतला छीनने के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच काफी देर तक खींचतान होती रही, लेकिन पुलिस पुतले को अपने साथ ले जाने में सफल रही। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर जबरन पुतला छीनने और लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन करने का आरोप लगाया।
पुलिस पर तानाशाही का आरोप: नगर कांग्रेस अध्यक्ष सूरत सिंह आर्य ने कहा कि उनका आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण था, लेकिन पुलिस ने तानाशाही रवैया अपनाते हुए प्रदर्शनकारियों को अपनी बात रखने का अवसर तक नहीं दिया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध हर नागरिक का अधिकार है, जिसे सरकार कुचलने का प्रयास कर रही है।
युवाओं को लेकर गंभीर नही सरकार: आर्य ने कहा कि देशभर में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों ने लाखों युवाओं के भविष्य को संकट में डाल दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य सरकारें युवाओं के भविष्य को लेकर गंभीर नहीं हैं। दिल्ली के जंतर-मंतर से लेकर पटना तक शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज, आंसू गैस और पानी की बौछारों का इस्तेमाल सरकार की असहिष्णुता को दर्शाता है।
दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग: उन्होंने कहा कि छात्रों की सीबीआई जांच, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और पेपर लीक के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग पूरी तरह न्यायसंगत है। कांग्रेस युवाओं के अधिकारों, रोजगार और निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था के लिए संघर्ष जारी रखेगी। प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए युवाओं के हितों की रक्षा की मांग उठाई।
इस दौरान नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र सिंह राणा,राजेंद्र सिंह गुसाईं,जितेंद्र चांदपुरी,सूरत सिंह नेगी, जयपाल नेगी,मनवीर सिंह नेगी,मानवेन्द्र रांगड़, श्याम लाल सैलानी,दिनेश कुमार,अरविंद रावत, रविन्द्र नेगी,आयुष बेलवाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
