Shivalik College Assistant Professor Arrested for Allegedly Leaking Uttarakhand Technical University Exam Questions
- शिक्षक पर परीक्षा से पहले प्रश्न साझा करने का आरोप
- उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय की परीक्षा में गोपनीयता भंग का मामला
- व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए छात्रों के साथ साझा किए थे प्रश्न
- आरोपी शिक्षक पर मुकदमा
देहरादून@Rashtriy Vichar। वीर माधव सिंह भंडारी उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की सम-सेमेस्टर परीक्षा में प्रश्न पत्र की गोपनीयता भंग करने के आरोप में पुलिस ने शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, झाझरा के सहायक प्रोफेसर को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर परीक्षा से पहले छात्रों को महत्वपूर्ण प्रश्न साझा कर अनुचित लाभ पहुंचाने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनय कुमार पटेल ने 23 जुलाई को कोतवाली प्रेमनगर में तहरीर दी थी। तहरीर में बताया गया कि 8 जुलाई को आयोजित परीक्षा के संबंध में विश्वविद्यालय को एक ई-मेल प्राप्त हुआ था, जिसमें आरोप लगाया गया कि 3 जुलाई को शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में तैनात सहायक प्रोफेसर आशीष कुमार गुप्ता ने व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से कुछ महत्वपूर्ण प्रश्न छात्रों के साथ साझा किए थे।
परीक्षा के बाद जब इन प्रश्नों का मिलान प्रश्न पत्र से किया गया तो उनमें काफी समानता पाई गई। मामले की जांच के लिए गठित विश्वविद्यालय की आंतरिक समिति ने भी पाया कि आरोपी शिक्षक ने परीक्षा से पहले छात्रों के आंतरिक पोर्टल और व्हाट्सएप के माध्यम से परीक्षा से संबंधित प्रश्न साझा किए थे।
तहरीर के आधार पर कोतवाली प्रेमनगर में आरोपी के खिलाफ मुकदमा संख्या 144/26 दर्ज किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने त्वरित जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए थे। विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर पुलिस ने आरोपी आशीष कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी से बरामद उपकरणों की जांच की जा रही है। साथ ही प्रकरण में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
