Char Dham Yatra 2026 Begins April 19: Opening Dates, Health Advisory & Safety Arrangements
देहरादून@Rashtriy Vichar। उत्तराखण्ड की प्रसिद्ध चारधाम यात्रा का आगाज अब सिर्फ दो दिन बाद यानि 19 अप्रैल (अक्षय तृतीया) से यमुनोत्री और गंगोत्री के कपाट खुलने के साथ होगी। केदारनाथ के कपाट 22 अप्रैल और बद्रीनाथ के 23 अप्रैल को खुलेंगे। देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु इस पवित्र यात्रा के लिए तैयारी कर चुके हैं, लेकिन इस बार यात्रा के दौरान स्वास्थ्य सुरक्षा पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
उच्च हिमालयी क्षेत्रों में स्थित बदरीनाथ धाम, केदारनाथ धाम, गंगोत्री धाम और यमुनोत्री धाम में मौसम तेजी से बदलता है। ठंड और ऑक्सीजन की कमी के कारण सांस लेने में परेशानी, उच्च रक्तचाप और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में यात्रियों को अपनी सेहत का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने श्रद्धालुओं के लिए 13 भाषाओं में एडवाइजरी जारी की है, ताकि हर यात्री अपनी भाषा में जरूरी सावधानियां समझ सके। 104 हेल्पलाइन के जरिए हाई-रिस्क यात्रियों की लगातार मॉनिटरिंग भी की जाएगी।
राज्य सरकार का लक्ष्य है कि हर श्रद्धालु की यात्रा सुरक्षित और सुगम हो, इसके लिए यात्रा मार्ग पर चिकित्सा सुविधाओं का मजबूत नेटवर्क तैयार किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग की बड़ी तैयारी
- 25 विशेषज्ञ डॉक्टर तैनात
- 178 मेडिकल अधिकारी और 414 पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद
- 47 स्थायी स्वास्थ्य केंद्र सक्रिय
- 25 मेडिकल रिलीफ पोस्ट स्थापित
- 57 स्क्रीनिंग कियोस्क (BP, हृदय रोग, डायबिटीज जांच के लिए)
- 112, 108 और 104 हेल्पलाइन 24×7 चालू
