- दो दिनों में 25.10 लाख शिवभक्तों ने उठाया गंगाजल
- लगातार बढ़ रही कांवड़ियों की भीड़
- सुरक्षा से लेकर यातायात और स्वास्थ्य व्यवस्था पर प्रशासन की कड़ी नजर
हरिद्वार@Rashtriy Vichar। हरिद्वार में आस्था का सैलाब उमड़ने लगा है। कांवड़ यात्रा के दूसरे दिन धर्मनगरी हरिद्वार में शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। पुलिस नियंत्रण कक्ष से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार शुक्रवार को 14 लाख 55 हजार शिवभक्त हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए।
कांवड़ यात्रा शुरू होने से अब तक 25 लाख 10 हजार शिवभक्त गंगाजल लेकर विभिन्न राज्यों के लिए प्रस्थान कर चुके हैं। लगातार बढ़ रही कांवड़ियों की संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने व्यवस्थाओं को और मजबूत किया है।
कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी लगातार मोर्चे पर तैनात हैं। प्रमुख स्नान घाटों, कांवड़ मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ ही यातायात, स्वास्थ्य और स्वच्छता पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
प्रशासन की ओर से कांवड़ियों से निर्धारित मार्गों का पालन करने और पुलिस-प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
