- हरिद्वार की गंगनहर में डूबे चंडीगढ़ के चार किशोर
- रेस्क्यू के बाद भी नहीं बची जान
हरिद्वार@Rashtriy Vichar। धर्मनगरी हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान शुक्रवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। चंडीगढ़ से गंगाजल लेने आए चार किशोर कांवड़िए गंगनहर में स्नान करते समय गहरे पानी में डूब गए। जल पुलिस और एसडीआरएफ ने रेस्क्यू कर चारों को बाहर निकाला, लेकिन जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद मृतकों के साथ आए साथियों में चीख-पुकार मच गई और अस्पताल का माहौल गमगीन हो गया।
जानकारी के अनुसार, चंडीगढ़ से कांवड़ यात्रा पर आए किशोरों का एक समूह ज्वालापुर क्षेत्र स्थित गंगनहर के किनारे पहुंचा था। स्नान के दौरान चार किशोर नहर के भीतर बने गहरे गड्ढे में फंस गए। तेज बहाव के कारण वे बाहर नहीं निकल सके और देखते ही देखते चारों पानी में समा गए।
सूचना मिलते ही जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। बचाव अभियान चलाकर तीन किशोरों को जल पुलिस ने और चौथे को एसडीआरएफ ने बाहर निकाला। सभी को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान भारत (16) पुत्र हरीश, शिवांश (16) पुत्र पवन, अमित (16) और नीतीश (17) के रूप में हुई है। चारों चंडीगढ़ के निवासी थे और कांवड़ यात्रा के लिए हरिद्वार पहुंचे थे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।
