Sahaspur Pension Scam: 17 Villagers Booked for Faking Age to Avail Benefits
- सरकारी योजना में बड़ा फर्जीवाड़ा: वृद्धावस्था पेंशन के लिए उम्र बढ़ाकर ठगी
Deharadun@RashtriyVichar। सहसपुर क्षेत्र में सरकारी योजना में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है, जहां खुशहालपुर गांव के 17 ग्रामीणों पर वृद्धावस्था पेंशन लेने के लिए उम्र में हेराफेरी करने का आरोप लगा है। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने आधार कार्ड में अपनी वास्तविक उम्र से अधिक उम्र दर्ज कराकर योजना का अनुचित लाभ उठाया।
मामला सामने आने के बाद सहसपुर कोतवाली में सभी 17 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। यह कार्रवाई एक शिकायत के आधार पर शुरू हुई थी, जिसे खुशहालपुर निवासी असलम अली ने दर्ज कराया था।
समाज कल्याण विभाग उत्तराखंड द्वारा दिए गए निर्देश पर अपर जिला समाज कल्याण अधिकारी देहरादून और सहायक समाज कल्याण अधिकारी सहसपुर की संयुक्त टीम ने जांच की। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि ग्रामीणों ने जानबूझकर उम्र बढ़ाकर दिखायी ताकि वे वृद्धावस्था पेंशन योजना के पात्र बन सकें।
सहायक समाज कल्याण अधिकारी संदीप सिंह ने बताया कि जांच में धोखाधड़ी के पुख्ता प्रमाण मिले हैं, जिसके आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रशासन ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा है कि सरकारी योजनाओं में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही भविष्य में पात्रता जांच और सख्त करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि योजनाओं का लाभ केवल वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचे।
