Rudraprayag हादसा: Car Falls 250m into Gorge, Three Killed
- रूद्रप्रयाग जिले के भीरी-ककोला मार्ग पर हुआ बड़ा हादसा
Rudraprayag@RashtriyVichar। रुद्रप्रयाग जनपद में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में कार के गहरी खाई में गिरने से तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर है।
एसडीआरएफ को गुरुवार देर रात सूचना मिली कि भीरी-ककोला मोटर मार्ग पर एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा है। बताया जा रहा है कि वाहन भीरी से औरिंग की ओर जा रहा था।
सूचना मिलते ही एसडीआरएफ नियंत्रण कक्ष ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अगस्तमुनि पोस्ट से उपनिरीक्षक धर्मेंद्र पवार के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम को मौके पर रवाना किया। घटनास्थल पर पहुंचने पर पता चला कि वाहन लगभग 250 मीटर गहरी खाई में गिरा हुआ था।
वाहन में तीन लोग सवार थे, जिनकी दुर्घटना स्थल पर ही मौत हो गई। बचाव दल ने त्वरित राहत एवं रेस्क्यू अभियान शुरू करते हुए शवों को खाई से बाहर निकालना शुरू किया। अब तक एक शव को निकालकर सड़क तक पहुंचा दिया गया है, जबकि अन्य शवों को निकालने की कार्रवाई जारी है।
मृतकों की पहचान नवीन सिंह (30) पुत्र सुरेंद्र सिंह, निवासी औरिंग, अमित सिंह (35) पुत्र आनंद सिंह और अंशुल (28) पुत्र धनपाल, निवासी ग्राम सुरसाल, जनपद रुद्रप्रयाग के रूप में हुई है। स्थानीय पुलिस और प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
