Badrinath Temple Set to Open: Grand Preparations and Floral Decorations Complete
- भक्ति और भव्यता का संगम: तैयार हुआ बद्रीनाथ धाम, श्रद्धालुओं का उमड़ा सैलाब
बद्रीनाथ धाम में कपाट उद्घाटन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। ग्रीष्मकालीन यात्रा के लिए मंदिर के कपाट बृहस्पतिवार सुबह ठीक सवा छह बजे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। इस पावन अवसर को लेकर पूरे धाम को विशेष रूप से सजाया गया है, जिससे यहां का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय और दिव्य हो उठा है।
मंदिर परिसर से लेकर आसपास के प्राचीन मठ-मंदिरों तक को करीब 25 कुंतल ऑर्किड और गेंदे के फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया है। रंग-बिरंगे फूलों से सजा धाम दूर से ही श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। इस बार मुख्य सिंह द्वार को पहली बार फलों से सजाया गया है, जो इस आयोजन की खास आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
धार्मिक परंपराओं के तहत आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी, उद्दव और तेल कलश पहले ही धाम पहुंच चुके हैं। वहीं, भगवान कुबेर की डोली रात्रि विश्राम के लिए बामणी गांव में ठहरी है। बुधवार सुबह योग मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद देव डोलियां बद्रीनाथ धाम के लिए रवाना हुईं, जिससे पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और आस्था का माहौल बना हुआ है।
कपाट खुलने के इस ऐतिहासिक क्षण के लिए देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंच रहे हैं। प्रशासन ने भी सुरक्षा, आवास और अन्य सुविधाओं को लेकर व्यापक इंतजाम किए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
