Tehri Tragedy: 8 Killed as Max Vehicle Plunges into 300m Gorg
- अंतिम संस्कार से लौट रहे लोगों पर टूटा कहर
- सीएम पुष्कर सिंह धामी व स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने जताया शोक
वाचस्पति रयाल@नरेन्द्रनगर।
वीरवार का दिन जनपद टिहरी के लिए बड़ा मनहूस बनकर आया ,जहां हरिद्वार से घनसाली लौट रहा एक मैक्स वाहन चंबा से करीब 7 किलोमीटर आगे चंबा-कोटी कॉलोनी मोटर मार्ग पर नैल गांव के पास अनियंत्रित होकर लगभग 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। इस भीषण हादसे में वाहन में सवार 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि ये सभी लोग गांव के किसी मृतक के अंतिम संस्कार कर हरिद्वार से वापस लौट रहे थे। वापस लौटते वक्त चंबा कोटी कॉलोनी के समीप नैल गांव के पास वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरने से यह हृदयविदारक घटना घट गयी।
दिल को गमगीन और झकझोर कर देने वाली इस घटना पर प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल, सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह ने गहरा दुख जताया है।
मंत्री सुबोध उनियाल ने इस दुर्घटना को अत्यंत दुखदाई बताते हुए, अपनी संवेदना प्रकट की है, और कहा कि इस कठिन समय में वे शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं।
श्री उनियाल ने जिला प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर, राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने दिवंगतों की आत्माओं की शांति व शोकाकुल परिजनों को असहनीय दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।
चंबा के थानाध्यक्ष विपिन बहुगुणा ने बताया कि वीरवार अपराह्न करीब सवा 2 बजे हरिद्वार से घनसाली जा रही मैक्स वाहन संख्या यूके 09टीए-1779 चंबा-कोटी कालोनी मोटर मार्ग पर नैल गांव के पास अचानक अनियंत्रित होकर 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। सूचना मिलते ही थाना पुलिस, आपदा प्रबंधन दल, एसडीआरएफ कोटी कालोनी, स्थनीय प्रशासन मौके पर पहुंचा।

वहीं डीएम नितिका खंडेलवाल, एसएसपी श्वेता चौबे, विधायक शक्ति लाल शाह, किशोर उपाध्याय भी तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों की कड़ी मशक्कत के बाद झाड़ियों में फंसे उत्तम पुत्र (30) पुत्र पुस्सू निवासी ग्राम लोस्तु बड़ियारगढ़, और अंकित (22) पुत्र आशा लाल निवासी ग्राम नैलचामी, घनसाली को रेस्क्यू कर बाहर निकाला गया।
तथा 108 एंबुलेंस से दोनों को जिला अस्पताल भर्ती कराया है। सीएमएस डॉ० अमित राय ने बताया कि दोनों की स्थिति खतरे से बाहर है।
एसएचओ ने बताया कि दुर्घटना में आशा लाल (40) पुत्र अषाडू़, विजय लाल (36) पुत्र मुरखिलिया दोनों निवासी ग्राम ठेला नैलचामी घनसाली, वाहन चालक शिव सिंह (40) पुत्र पुष्कर सिंह निवासी ग्राम होल्टा घनसाली, प्रेम लाल (36) पुत्र संपत्त लाल निवासी, महावीर (60) पुत्र बिस्सू लाल, सेहत लाल (55) पुत्र गोपाल सभी निवासी ग्राम चकरेड़ा घनसाली, लक्ष्मण (33) पुत्र मुरखिलिया निवासी ग्राम चांजी घनसाली शामिल हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक संपत्त लाल (65) के अंतिम संस्कार के लिए यह सभी लोग हरिद्वार गए थे।
दुर्घटना में संपत्त लाल के पुत्र प्रेम लाल की भी मौत हो गई। बताया कि गहरी खाई में गिरने और कुछ शव गाड़ी में फंसे होने कारण गैस कटर की मदद से उन्हें बाहर निकाला गया। संयुक्त टीम के जवानों द्वारा शवों को सड़क पर लाया गया।
डीएम नितिका खंडेलवाल ने बताया कि मृतकों को मौके पर ही पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंपे गए हैं। उन्होंने दुर्घटना के मजिस्ट्रीयल जांच के निर्देश दिए हैं।
विधायक शाह ने कहा कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। मृतक परिजनों को उचित मुआवजा और घायलों को बेहतर से बेहतर उपचार दिया जाएगा।
इस मौके पर एसएसपी श्वेता चौबे, विधायक टिहरी किशोर उपाध्याय, घनसाली पालिका अध्यक्ष आनंद बिष्ट तहसीलदार धीरज राणा, एआरटीओ सत्येंद्र राज आदि मौजूद थे।
