मौसम चेतावनी के अनुसार 18 से 22 जुलाई तक राज्य के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बेहद खराब रहने की संभावना है। 19 जुलाई को नैनीताल, चम्पावत और ऊधमसिंह नगर में अत्यधिक भारी बारिश की आशंका को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार और बागेश्वर में भारी से बहुत भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज गर्जना को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में भारी बारिश की संभावना के चलते येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा।
20 जुलाई को देहरादून, हरिद्वार और टिहरी के कुछ क्षेत्रों में अत्यधिक भारी बारिश की संभावना को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, टिहरी, उत्तरकाशी और पौड़ी में ऑरेंज अलर्ट रहेगा।
21 जुलाई को देहरादून और बागेश्वर में भारी से बहुत भारी बारिश और आकाशीय बिजली के खतरे को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि टिहरी, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, नैनीताल, चमोली और पिथौरागढ़ में येलो अलर्ट रहेगा। 22 जुलाई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि सभी जिलाधिकारियों को जिला आपदा परिचालन केंद्र 24 घंटे सक्रिय रखने, राहत एवं बचाव दलों को तैयार रखने और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में मशीनरी व संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने प्रदेशवासियों, चारधाम यात्रियों और पर्यटकों से अपील की है कि मौसम चेतावनियों को गंभीरता से लें। भारी बारिश के दौरान नदी-नालों, गदेरों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें तथा भूस्खलन संभावित मार्गों पर विशेष सावधानी बरतें। किसी भी आपात स्थिति में 112, 1070 और 1077 नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है।
