Uttarakhand releases its final voter list after SIR, with 71.58 lakh electors. The roll includes 1.29 lakh new voters and 1.04 lakh deletions.
- उत्तराखंड में 71.58 लाख मतदाता, 1.29 लाख नए नाम जुड़े
Rashtriya vichar@ देहरादून। उत्तराखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद शनिवार को अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी गई। नई सूची में कुल 71,58,949 मतदाता दर्ज हैं, जबकि SIR से पहले यह संख्या 79,60,762 थी। इस तरह अंतिम सूची में 8,01,813 मतदाता कम हुए हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम के अनुसार अंतिम सूची में 37,37,701 पुरुष, 34,21,036 महिलाएं और 212 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। इनमें 18-19 आयुवर्ग के 72,656 और 80 वर्ष से अधिक आयु के 1,22,892 मतदाता हैं।
SIR प्रक्रिया 8 जून को शुरू हुई थी। गणना के बाद 14 जुलाई को जारी ड्राफ्ट सूची में 71,33,785 मतदाता थे। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे-आपत्तियां लिए गए और 13 अगस्त से 28 सितंबर तक उनका निस्तारण किया गया। इसके बाद अंतिम सूची प्रकाशित की गई।
अंतिम प्रकाशन में 1,29,872 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए, जबकि 1,04,708 नाम विलोपित किए गए। प्रदेश में अब कुल 12,543 मतदान स्थल हैं।
दस्तावेजों की कमी और उदासीनता से कटे लाखों नाम
मतदाता सूची से नाम कम होने के पीछे एक प्रमुख कारण जरूरी दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा पाना रहा। इसके अलावा कई लोगों में मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने को लेकर अपेक्षित रुचि भी नहीं दिखी। निर्वाचन आयोग की ओर से राज्यभर में विभिन्न स्थानों पर विशेष कैंप लगाए गए, ताकि पात्र लोग अपने नाम से संबंधित दावे-आपत्तियां दर्ज करा सकें और जरूरी दस्तावेज जमा कर सकें। इसके बावजूद कई लोग कैंपों तक नहीं पहुंचे। अधिकारियों के अनुसार, समय पर प्रक्रिया में शामिल न होने और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराने के कारण कई नाम अंतिम सूची में शामिल नहीं हो सके।
जिन पात्र लोगों का नाम अंतिम सूची में छूट गया है, वे फार्म-6 के माध्यम से ऑनलाइन या बीएलओ के जरिए नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए विशेष कैंप भी लगाए जाएंगे। अंतिम मतदाता सूची निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
– डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम,मुख्य निर्वाचन अधिकारी।
