Multiple Road Accidents and Mishaps Claim Several Lives Across Uttarakhand
- उत्तराखंड में हादसों का कहर, सड़क दुर्घटनाओं और खाई में गिरने से 5 की मौत, एक घायल
देहरादून/अल्मोड़ा/पौड़ी/देवप्रयाग। उत्तराखंड में मंगलवार को अलग-अलग स्थानों पर हुए दर्दनाक हादसों में कई लोगों की मौत हो गई, जबकि कुछ लोग घायल हो गए। अल्मोड़ा जिले के रानीखेत क्षेत्र में सोनी-बिनसर मार्ग पर एक डस्टर वाहन करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिर गया। हादसे में वाहन सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। एसडीआरएफ भिकियासैंण टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर शवों को बाहर निकाला। मृतकों में हल्द्वानी निवासी जीवन चंद्र जोशी की पहचान हुई है, जबकि दूसरे मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
उधर, ऋषिकेश के मुनि की रेती क्षेत्र में शिवपुरी चौकी प्रभारी विनोद शर्मा की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि रात्रि ड्यूटी के बाद लौटते समय उनका वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। पुलिस और एसडीआरएफ टीम ने रेस्क्यू कर उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना से पुलिस विभाग में शोक की लहर है।
वहीं देवप्रयाग के शिवमूर्ति क्षेत्र में हेमकुंड साहिब यात्रा पर जा रहे दो बाइक सवार युवकों को यात्री बस ने टक्कर मार दी। हादसे में लुधियाना निवासी बलवीर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कर्मजीत सिंह घायल हो गया।
इसके अलावा पौड़ी के गुमखाल क्षेत्र में खाई से एक मजदूर का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी रबीउल हक के रूप में हुई है। पुलिस सभी मामलों की जांच कर रही है।
