Uttarakhand Government Orders Statewide Fire Safety Audit in Hospitals, Malls and Public Buildings
- उत्तराखंड में फायर सेफ्टी पर सरकार ने दिखाई सख्ती
- मुख्यमंत्री ने उच्चस्तरीय बैठक में अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
- अग्नि सुरक्षा मानकों में लापरवाही नही होगी बर्दाश्त नहीं
देहरादून@Rashtriy Vichar#Order#। देश के विभिन्न राज्यों में लगातार बढ़ रही अग्निकांड की घटनाओं और उनमें हो रही जनहानि के बाद उत्तराखंड सरकार ने भी अग्नि सुरक्षा को लेकर सख्त रुख अपना लिया है। मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में अधिकारियों को प्रदेशभर में व्यापक फायर सेफ्टी ऑडिट अभियान चलाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के सभी अस्पतालों, कोचिंग सेंटरों, बड़े मॉल, होटल, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तथा अन्य सार्वजनिक उपयोग वाले भवनों की अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की गहन जांच की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुपालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि जिन संस्थानों में अग्निशमन संबंधी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं हैं, उन्हें तत्काल चिन्हित कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि फायर सेफ्टी उपकरणों की कार्यशीलता, आपातकालीन निकास मार्गों, विद्युत सुरक्षा व्यवस्थाओं तथा आपदा की स्थिति में त्वरित निकासी की तैयारियों का विशेष परीक्षण किया जाए।
मुख्यमंत्री ने अग्निशमन विभाग, जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर समयबद्ध ढंग से फायर सेफ्टी ऑडिट पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की अनदेखी लोगों की जान के लिए खतरा बन सकती है, इसलिए सभी विभाग गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।
सरकार के इस निर्णय को हाल के वर्षों में देशभर में सामने आए अग्निकांडों के बाद एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। प्रदेश सरकार का मानना है कि समय रहते सुरक्षा मानकों को मजबूत कर भविष्य में बड़े हादसों को रोका जा सकता है।
