Two Road Accidents in Uttarakhand: Tanker Driver Killed, Truck Driver Seriously Injured
- देहरादून-मसूरी मार्ग और टिहरी में हुए सड़क हादसे
- एसडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू अभियान
देहरादून-मसूरी@RashtriyVichar# राज्य में गुरुवार तड़के दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक चालक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों दुर्घटनाएं पहाड़ी क्षेत्रों में हुईं, जहां राहत एवं बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में चलाया गया।
पहली घटना मसूरी-देहरादून मार्ग पर गज्जी बैंड के पास हुई, जहां पानी से भरा एक टैंकर गहरी खाई में गिर गया। मसूरी के प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह चौहान के अनुसार, सुबह करीब 05:53 बजे डायल 112 कंट्रोल रूम को दुर्घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम आपदा राहत एवं बचाव उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची।
पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से चलाए गए राहत अभियान के बाद घायल चालक को क्षतिग्रस्त टैंकर से बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक चालक की पहचान अक्षय असवाल (25) पुत्र प्रेम सिंह असवाल निवासी ग्राम सभा दुधई, ब्लॉक सहसपुर, देहरादून के रूप में हुई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
वहीं दूसरी घटना टिहरी गढ़वाल जिले के महादेव चट्टी क्षेत्र में हुई, जहां एक ट्रक अनियंत्रित होकर लगभग 120 से 125 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ की टीम उप निरीक्षक सावर सिंह नेगी के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और कठिन परिस्थितियों के बीच रोप रेस्क्यू तकनीक का इस्तेमाल कर घायल चालक को सुरक्षित बाहर निकाला।
घायल चालक को प्राथमिक उपचार देने के बाद स्ट्रेचर और रस्सियों की मदद से मुख्य मार्ग तक लाया गया और फिर एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया। घायल चालक की पहचान अजय छेत्री पुत्र राम सिंह निवासी छिद्रवाला, देहरादून के रूप में हुई है।
