School Timings Changed in Uttarakhand Due to Heatwave and Severe Heat Conditions
- लू के कारण ऊधमसिंह नगर जिले के स्कूलों का बदला समय, सुबह जल्दी होगा संचालन
- भीषण गर्मी के चलते स्कूल समय बदला
- बच्चों की सुरक्षा प्राथमिकता: DM
- आदेश की अवहेलना पर आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के तहत दी कार्रवाई की चेतावनी
रूद्रपुर@RashtriyVichar। उत्तराखंड के तराई क्षेत्र में बढ़ती भीषण गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए स्कूलों के संचालन समय में परिवर्तन किया गया है। बुधवार से सभी विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों का समय संशोधित किया जाएगा, ताकि बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
ऊधमसिंह नगर के जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में तेज गर्मी और लू चलने की संभावना है। लगातार बढ़ते तापमान से विशेष रूप से बच्चों के स्वास्थ्य पर खतरा बढ़ गया है।
नए आदेश के अनुसार 22 अप्रैल से आंगनबाड़ी केंद्र सुबह 7:30 बजे से 11:00 बजे तक संचालित होंगे, जबकि कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक चलेंगे।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि आदेश की अवहेलना करने पर आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
