Uttarakhand Unemployed Youth Protest Against Delayed Recruitment, March Towards Secretariat
- रोजगार की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे बेरोजगार
- सरकार को दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी
देहरादून@Rashtriy Vichar। प्रदेश में लंबित भर्तियों और रोजगार के मुद्दे को लेकर मंगलवार को बेरोजगार युवाओं का आक्रोश सड़कों पर दिखाई दिया। उत्तराखंड बेरोजगार संघ के बैनर तले सैकड़ों प्रतियोगी परीक्षार्थियों ने परेड ग्राउंड से सचिवालय कूच किया। पुलिस ने सुभाष रोड पर बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया, जिसके बाद युवाओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक, धक्का-मुक्की और झड़प की स्थिति बन गई। बाद में प्रदर्शनकारी वहीं धरने पर बैठ गए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
बेरोजगार संघ के अध्यक्ष राम कंडवाल ने कहा कि भर्ती प्रक्रियाओं में देरी और बार-बार पेपर लीक की घटनाओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने फॉरेस्ट गार्ड, सहायक लेखाकार, कनिष्ठ सहायक, स्केलर, पुलिस कांस्टेबल सहित विभिन्न विभागों में रिक्त पदों पर तत्काल विज्ञप्ति जारी करने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने लोक सेवा आयोग और अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की आरओ, एआरओ, जेई, एई, ईओ, एएसओ समेत अन्य परीक्षाओं के लिए जल्द परीक्षा कैलेंडर जारी करने की मांग उठाई। साथ ही परीक्षा परिणामों में पारदर्शिता बरतते हुए अभ्यर्थियों के प्राप्तांक सार्वजनिक करने की मांग भी की गई।
संघ के उपाध्यक्ष सुरेश सिंह ने कहा कि आयोग अपने घोषित कैलेंडर के अनुसार विज्ञापन जारी करें और परीक्षाएं आयोजित करें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाए तो बेरोजगार संघ प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू करेगा। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासनिक अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी भेजा।
