UKSSSC Issues Advisory for Graduate Level Exam Amid Rain and Traffic Concerns in Uttarakhand
- स्नातक स्तरीय पदों की लिखित परीक्षा 14 जून को
देहरादून@Rashtriy Vichar#UKSSSC#। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने 14 जून 2026 को होने वाली स्नातक स्तरीय पदों की लिखित परीक्षा को लेकर शुक्रवार को एडवाइजरी जारी की है। आयोग के सचिव एसएस डुंगरियाल ने सभी अभ्यर्थियों से मौसम और संभावित भीड़भाड़ को देखते हुए परीक्षा केंद्र वाले शहर में एक दिन पहले पहुंचने की अपील की है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ समेत कई पहाड़ी जिलों में भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। वहीं नैनीताल में नीम करोली बाबा के वार्षिकोत्सव, चारधाम यात्रा और वीकेंड के कारण देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, टिहरी, पौड़ी और उत्तरकाशी सहित कई जिलों में यातायात का भारी दबाव रहने की आशंका है।
पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही से भी कई मार्गों पर जाम की स्थिति बन सकती है। इन परिस्थितियों को देखते हुए आयोग ने अभ्यर्थियों को समय प्रबंधन अपनाने और परीक्षा केंद्र का पूर्व निरीक्षण करने की सलाह दी है, ताकि परीक्षा के दिन किसी प्रकार की परेशानी न हो।
दून में 11 जोनल मजिस्ट्रेट और 34 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात
देहरादून में (UKSSSC) की स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं।
रविवार को जिले के 116 परीक्षा केंद्रों पर 46,350 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक एकल पाली में आयोजित होगी। इसके सफल संचालन के लिए पूरे जिले को जोनों में बांटते हुए 11 जोनल मजिस्ट्रेट और 34 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों की भी अलग-अलग जिम्मेदारियां तय की गई हैं।
चमोली में 4614 अभ्यर्थी होंगे शामिल
गोपेश्वर। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की स्नातक स्तरीय परीक्षा 14 जून 2026 को एकल पाली में आयोजित होगी। जनपद चमोली में 18 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 4614 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने परीक्षा तैयारियों को लेकर नोडल अधिकारियों, सेक्टर मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापकों के साथ बैठक कर शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी परीक्षा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण कर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने को कहा। परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक होगी और अभ्यर्थियों को 8:30 बजे तक परीक्षा केंद्र पहुंचना अनिवार्य रहेगा। मोबाइल, स्मार्ट वॉच और अन्य गैजेट्स पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। परीक्षा में वीडियोग्राफी भी की जाएगी। बैठक में कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
हरिद्वार में कड़े सुरक्षा इंतजाम, 200 मीटर क्षेत्र में धारा 163 लागू
हरिद्वार। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित स्नातक स्तरीय लिखित प्रतियोगी परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिले के सभी 16 परीक्षा केंद्रों के आसपास 200 मीटर के दायरे में धारा 163 लागू कर दी गई है। परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक एकल पाली में आयोजित होगी। नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए परीक्षा केंद्रों के आसपास बिना अनुमति पांच या उससे अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने, धरना-प्रदर्शन, सभा या जुलूस पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले उपकरणों, हथियारों और विस्फोटक सामग्री के प्रवेश पर भी रोक लगाई गई है। परीक्षार्थियों को मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स और किसी भी प्रकार की पाठ्य सामग्री परीक्षा कक्ष में ले जाने की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा केंद्रों में केवल अधिकृत अधिकारी, कर्मचारी और पुलिस बल को ही प्रवेश दिया जाएगा।
परीक्षा को लेकर बागेश्वर प्रशासन अलर्ट
बागेश्वर। स्नातक स्तरीय परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार है। जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल ने सेक्टर मजिस्ट्रेटों, केंद्र व्यवस्थापकों और विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आयोग की गाइडलाइन का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस विभाग को सभी परीक्षा केंद्रों पर मजबूत सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने को कहा गया, वहीं सेक्टर मजिस्ट्रेटों को सीसीटीवी, जैमर और अन्य व्यवस्थाओं की जांच करने के निर्देश दिए गए। यूपीसीएल को निर्बाध बिजली, जल संस्थान को पेयजल और स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की है। जिले में बनाए गए 10 परीक्षा केंद्रों पर 3026 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
