- दो बेटों का विवाह इसी अप्रैल माह होना तय था
थराली।
थराली क्षेत्र के कुलसारी से एक ह्रदय विदारक घटना सामने आई है जहां एक परिवार में खुशियां मनाई जानी थी वहां कोहराम मच गया। शादी से एक दिन पहले युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कुलसारी क्षेत्र निवासी शिक्षक हरीश चंद्र जोशी के दो बेटों का विवाह इसी माह होना तय था। बड़े बेटे की बारात 26 अप्रैल को जानी थी, जबकि दूसरे बेटे का विवाह 30 अप्रैल को निर्धारित था। लेकिन शादी से ठीक एक दिन पहले बड़े बेटे आदित्य जोशी (30 वर्ष) ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर दी।
शनिवार सुबह जब परिजन युवक के कमरे में पहुंचे तो उसका शव फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंचे पुलिस उपनिरीक्षक संदीप देवरानी ने बताया कि पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
