वाचस्पति रयाल @नरेन्द्रनगर।
यहां नगर में 41 करोड़ 44 लाख की लागत से बनाई जा रही सीवर लाइन निर्माण वजह से सामने आई अनेकों खामियों को दूर करने के मकसद से उप जिलाधिकारी नरेंद्र नगर आशीष घिल्डियाल ने जल निगम, लोक निर्माण विभाग तथा पालिका के अधिकारियों की बैठक तहसील परिसर में आहूत की।
इस बैठक में प्रदेश के स्वास्थ्य एवं वन मंत्री सुबोध उनियाल के प्रतिनिधि विनोद गंगोटी ने सीवर लाइन निर्माण से उत्पन्न समस्याओं को क्रमवार बैठक में रखते हुए कहा कि सीवर लाइन के गड्ढे जगह-जगह टूटते जा रहे हैं।
इसके अलावा चेंबर के ऊपर लगाए गए ढक्कन वाहनों के चलते चकनाचूर होते जा रहे हैं, साथ ही कुमार खेड़ा स्थित नरपाल भंडारी के मकान के आगे सड़क के टूटे पुश्ते की मरम्मत ना होने से मकान को आगामी बरसात में खतरे की संभावना बढ़ती जा रही है।
सीवर लाइन निर्माण से सड़क के नालियां चौक होने से बरसात का पानी सड़क पर बह रहा है।
उप जिलाधिकारी आशीष घिल्डियाल ने तमाम समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए, मौके पर उपस्थित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि,वे सभी समस्याओं को गंभीरता से लें और सभी तरह की त्रुटियों को एक सप्ताह के भीतर निस्तारण करें।
एसडीएम ने कहा कि ये सभी समस्याएं विभागीय स्तर पर हल करने योग्य हैं , लिहाजा समस्याओं को तुरंत हल करने की कार्रवाई सुनिश्चित करें।
एक अन्य मामले में एसडीएम ने जल निगम को तत्काल एस्टीमेट उपलब्ध कराने को कहा तथा कहा कि एक हफ्ते के भीतर उक्त मामलों की समीक्षा बैठक आहूत की जाएगी।
बैठक में तहसीलदार अयोध्या प्रसाद उनियाल,जल निगम के अधिशासी अभियंता प्रवीण शाह, लोनिवि के अधिशासीअभियंता प्रवीण कर्णवाल, अधिशासीअधिकारी नगर पालिका एलम सिंह रावत, नीतीश बडोनी, विनीत थपलियाल, जल निगम के सहायक अभियंता दीपक कुमार , लोनिवि के सहायक अभियंता सत्य प्रकाश व उपेंद्र पुंडीर आदि मौजूद थे।
