Vigilance Arrests PRD Personnel in Roorkee for Taking ₹4500 Bribe in Tehsil Office
- तहसीलदार के पेशकार का काम देख रहा था पीआरडी संविदा कर्मी
देहरादून@Rashtriy Vichar#Trap। उत्तराखंड पुलिस के सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हरिद्वार जिले की रुड़की में तैनात तहसीलदार के पेशकार काम देख रहा पीआरडी जवान को रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पीआरडी कर्मी संविदा पर तहसील कार्यालय में कार्यरत था और दाखिल-खारिज के नाम पर शिकायतकर्ता से 4500 रुपये की रिश्वत मांग रहा था।
शिकायतकर्ता ने टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई थी कि कार्यालय तहसीलदार रुड़की में पेशकार का कार्य देख रहा पीआरडी कर्मी संदीप कुमार उसकी बहन की भूमि के दाखिल-खारिज को रजिस्टर में चढ़ाने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहा है। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने मामले की प्राथमिक जांच की, जिसमें आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए।
इसके बाद विजिलेंस थाना में मुकदमा दर्ज कर ट्रैप टीम का गठन किया गया। शुक्रवार को टीम ने तहसीलदार कार्यालय रुड़की में जाल बिछाकर कार्रवाई की और आरोपी संदीप कुमार पुत्र बीरबल निवासी थिथोला थाना मंगलौर, हरिद्वार को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।
बताया गया कि विजिलेंस टीम के पहुंचते ही आरोपी ने खुद को बचाने के लिए रिश्वत की रकम किसी अन्य व्यक्ति के हाथ में थमा दी और उसे मौके से भगा दिया, ताकि साक्ष्य नष्ट किए जा सकें। इस दौरान आरोपी के हाथ में मात्र 20 रुपये ही रह गए। विजिलेंस ने आरोपी के खिलाफ रिश्वत लेने के साथ-साथ साक्ष्य मिटाने और रिश्वत की रकम दूसरे व्यक्ति को देकर भगाने का भी मामला दर्ज किया है। विजिलेंस की इस कार्रवाई के बाद तहसील कार्यालय में हड़कंप मच गया।
