SDRF Recovers Three Bodies During Search Operation in Rishikesh Ganga River
- पशुलोक बैराज से बरामद हुए तीन शव
ऋषिकेश@ Rashtriy Vichar। गंगा नदी में डूबे लापता लोगों की तलाश में राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) का अभियान लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत शुक्रवार को पशुलोक बैराज के चैनल से तीन शव बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, शवों की पहचान परिजनों द्वारा कर ली गई है। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एसडीआरएफ के मुताबिक, गंगा नदी में अलग-अलग घटनाओं में डूबे लोगों की तलाश के लिए विशेषज्ञ डीप डाइवर्स और आधुनिक उपकरणों की मदद से सघन खोज अभियान चलाया जा रहा था। अभियान के दौरान टीम को पशुलोक बैराज के चैनल में तीन शव दिखाई दिए। इसके बाद एसडीआरएफ जवानों ने बैराज की चैन मशीन की सहायता से सावधानीपूर्वक शवों को बाहर निकाला।
पहले शव की पहचान मध्य प्रदेश के ग्वालियर निवासी 30 वर्षीय शैलेंद्र महावर के रूप में हुई। वह लक्ष्मणझूला थाना क्षेत्र के फूलचट्टी के पास गंगा नदी में डूब गए थे।
दूसरे शव की पहचान गौतमबुद्ध नगर के बिसरख जलालपुर निवासी 20 वर्षीय शौर्य नागर के रूप में हुई। वह मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के तपोवन स्थित साईं घाट पर गंगा में बह गए थे।
तीसरे शव की पहचान दिल्ली के जय विहार, नांगली, उत्तम नगर निवासी मनीष आर्य के रूप में हुई। वह ऋषिकेश के चंद्रेश्वर घाट पर डूबे दंपति में से लापता थे।
एसडीआरएफ ने तीनों शव स्थानीय पुलिस को सौंप दिए हैं। पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस बीच एसडीआरएफ ने श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे केवल चिन्हित और सुरक्षित घाटों पर ही स्नान करें तथा नदी के प्रतिबंधित और असुरक्षित क्षेत्रों में जाने से बचें। विभाग ने चेतावनी दी है कि गंगा नदी का जलस्तर और बहाव अचानक बढ़ सकता है, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है।
लोगों से प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा बच्चों पर विशेष निगरानी रखने की अपील भी की गई है।
