Rishikesh Players Help Dehradun Win Uttarakhand State Grappling Championship
- उत्तराखंड स्टेट ग्रैपलिंग चैंपियनशिप में देहरादून ने मारी बाजी
वाचस्पति रयाल@नरेन्द्रनगर। ग्रैपलिंग एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के तत्वावधान में योग नगरी ऋषिकेश स्थित भरत मंदिर पब्लिक स्कूल के सभागार में आयोजित उत्तराखंड स्टेट ग्रैपलिंग चैंपियनशिप में ऋषिकेश के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जनपद देहरादून को प्रदेशभर में प्रथम स्थान दिलाकर विजेता बनने का गौरव हासिल कराया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे विनोद कंडारी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल जीवन के अभिन्न अंग हैं। उन्होंने कहा कि खेल न केवल स्वास्थ्य के लिए आवश्यक हैं, बल्कि युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और करियर निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए।
ग्रैपलिंग एसोसिएशन के महासचिव नवीन रयाल ने बताया कि प्रतियोगिता यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग (UWW) के नियमों के अनुसार सफलतापूर्वक संपन्न हुई। उन्होंने जानकारी दी कि 15 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के विजेता खिलाड़ी आगामी 29 से 31 मई तक असम में आयोजित राष्ट्रीय ग्रैपलिंग चैंपियनशिप में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश मंत्री नलिन भट्ट, एयर फोर्स से सेवानिवृत्त अधिकारी डीपी रतूड़ी, राज नेगी, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी संगीता राणा, गजेंद्र सिंह राणा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता का संचालन एवं निर्णायक की भूमिका सुनील चतुर्वेदी और दुर्गेश श्रीवास्तव ने निभाई। इस अवसर पर अखिलेश मित्तल, सागर गर्ग, दीपाली रयाल सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे।
