Red Alert in Dehradun: Schools and Anganwadi Centres to Remain Closed on July 20 Due to Heavy Rain
- आईएमडी के भारी से अत्यधिक भारी वर्षा के पूर्वानुमान के बाद डीएम डॉ. आशीष चौहान ने जारी किए अवकाश के आदेश
देहरादून@Rashtri Vichar। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) और नेशनल डिजास्टर अलर्ट पोर्टल द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 20 जुलाई 2026 को देहरादून जनपद में कहीं-कहीं भारी से अत्यधिक भारी वर्षा, आकाशीय बिजली गिरने तथा तेज बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने इसको लेकर रेड अलर्ट जारी किया है।
संभावित खराब मौसम और विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने जनपद के सभी शासकीय, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 20 जुलाई 2026 (सोमवार) को एक दिन का अवकाश घोषित किया है।
जिला प्रशासन ने अभिभावकों और आम नागरिकों से अपील की है कि मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करें और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें। विशेष रूप से नदी-नालों, जलभराव वाले क्षेत्रों और भूस्खलन संभावित स्थानों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने संबंधित विभागों को भी अलर्ट मोड पर रहने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
