- जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम में उमड़ी भीड़
- विभागीय योजनाओं की मिली विस्तृत जानकारी
वाचस्पति रयाल @नरेंद्रनगर। श्रीदेव सुमन राजकीय उप जिला चिकित्सालय में सेवा सप्ताह के तहत आयोजित एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में बारिश के बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। शिविर में 200 से अधिक मरीजों की स्वास्थ्य जांच की गई, निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं और पात्र दिव्यांगजनों को सीएमएस डॉ. सुनीता त्यागी ने दिव्यांगता प्रमाण पत्र प्रदान किए।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों का परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया। प्रीतम सिंह जेठूड़ी ने मरीजों की थेरेपी की, जबकि फार्मासिस्ट विकास उनियाल ने दवाइयों के वितरण की जिम्मेदारी संभाली। ग्रामीणों ने कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर समय-समय पर आयोजित होने चाहिए, ताकि दूरदराज के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उनके क्षेत्र के निकट ही मिल सकें।
उधर, नगर के पालिका रामलीला मैदान में ‘सेवा, सुशासन व समर्पण’ अभियान के तहत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पालिका अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार ने किया। विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य अतिथि राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार ने सरकार की जनहितकारी योजनाओं की सराहना करते हुए नागरिकों से इनका अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने लोगों की समस्याएं सुनीं तथा योजनाओं से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई।
इस अवसर पर सीएमएस डॉ. सुनीता त्यागी, डॉ. वर्षा पंवार, डॉ. आकांक्षा नौटियाल, डॉ. वरुण रावत, डॉ. सुपिन यादव, डॉ. सुचिता जैन, डॉ. नरेश गुलवानी, डॉ. अनुराग अग्रवाल, फार्मासिस्ट विकास उनियाल, अमित कोठारी सहित अनेक चिकित्सक, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
