BKTC Members Reject Allegations, Discuss Chardham Yatra Preparations and Temple Management Reforms
- चढ़ावा चोरी मामले की जांच पूरी होने तक संयम रखें
- झूठे आरोप लगाने वालों पर कार्रवाई हो : बीकेटीसी सदस्य
देहरादून@Rashtriy vichar। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के सदस्यों की वरिष्ठ सदस्य महेंद्र शर्मा के मार्गदर्शन और सदस्य दिनेश डोभाल के संयोजन में वर्चुअल बैठक आयोजित हुई। बैठक में मानसून के दौरान सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित चारधाम यात्रा की तैयारियों के साथ-साथ मंदिर समिति पर लगाए जा रहे विभिन्न आरोपों पर विस्तार से चर्चा की गई।
यात्रा भत्तों के आरोपों को किया सिरे से खारिज: सदस्यों ने यात्रा भत्ता को लेकर लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि सभी भुगतान बीकेटीसी अधिनियम के प्रावधानों के अनुरूप और सरकार से अनुमन्य नियमों के तहत किए गए हैं। उनका कहना था कि राज्य स्तरीय समिति होने के कारण सदस्यों को प्रदेशभर में लंबी यात्राएं करनी पड़ती हैं, ऐसे में यात्रा भत्ता पूरी तरह नियमानुसार है।
तुरंत की गई कार्रवाई: चढ़ावा चोरी प्रकरण पर सदस्यों ने कहा कि मामला सामने आते ही आरोपी कर्मचारी को निलंबित कर आंतरिक जांच शुरू कर दी गई थी। मुख्यमंत्री द्वारा गठित उच्च स्तरीय जांच समिति की जांच जारी है, इसलिए रिपोर्ट आने से पहले किसी भी तरह के आंदोलन या आरोप-प्रत्यारोप से बचना चाहिए।
भ्रामक प्रचार करने वालों पर कार्रवाई की मांग: बैठक में कुछ सदस्यों ने मंदिर समिति और चारधाम की छवि खराब करने के लिए भ्रामक प्रचार करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की मांग की। साथ ही मंदिर व्यवस्थाओं में आधुनिक तकनीक अपनाने, ईमानदार कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने और अन्य प्रमुख मंदिरों की भीड़ प्रबंधन व्यवस्था का अध्ययन कर उसे चारधाम में लागू करने का सुझाव दिया गया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि अब प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को बीकेटीसी सदस्यों की वर्चुअल बैठक आयोजित की जाएगी।
