- जनता दरबार में गूंजी 58 शिकायतें
- डीएम ने अफसरों को दिया समयबद्ध निस्तारण का अल्टीमेटम
वाचस्पति रयाल @ नरेन्द्रनगर। सोमवार को नई टिहरी स्थित जिला सभागार में आयोजित जनता दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने पेयजल, विद्युत, मुआवजा, सड़क, राशन और पेंशन समेत कई समस्याएं जिलाधिकारी नीतिका खंडेलवाल के सामने रखीं। जनता दरबार में कुल 58 शिकायतें दर्ज हुईं। जिलाधिकारी ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण के निर्देश दिए।
डीएम ने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों को केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उनका समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।
सीएम हेल्पलाइन की भी हुई समीक्षा
जनता दरबार के दौरान मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और जन समर्पण पोर्टल पर दर्ज लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निस्तारित किए जा चुके मामलों को तत्काल पोर्टल पर अपडेट करने के निर्देश दिए, ताकि शिकायतों की वास्तविक स्थिति ऑनलाइन दर्ज रहे और निगरानी प्रभावी तरीके से हो सके।
उन्होंने पिछले पांच वर्षों में सेवानिवृत्त कर्मचारियों से जुड़े लंबित पेंशन और जीपीएफ प्रकरणों की भी समीक्षा की। संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने के साथ निर्देश दिए कि यदि कोई प्रकरण किसी स्तर पर अटका हुआ है तो उसकी जानकारी तत्काल उपलब्ध कराई जाए।
पांच महीने से बंद सोलर पेयजल योजना का मामला
जनता दरबार में प्रतापनगर के पनियाला गांव से पहुंचे संजय पैन्यूली ने बताया कि सोलर पम्पिंग पेयजल योजना की 10 सोलर प्लेट क्षतिग्रस्त होने के कारण पिछले पांच महीने से ग्रामीणों को योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने जल निगम घनसाली को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
वहीं तहसील टिहरी के जाख गांव की विमला उनियाल ने शिकायत की कि उनका अंत्योदय राशन कार्ड होने के बावजूद सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान से उन्हें दो माह का राशन नहीं दिया गया। डीएम ने जिला पूर्ति अधिकारी को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई कर पात्र लाभार्थी को राशन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बारिश में बह गए खेत, सुरक्षा दीवार की मांग
नरेंद्रनगर विकासखंड के पसर गांव के ग्रामीणों ने बेरनी-ओडाडा-पसर मोटर मार्ग के किलोमीटर आठ पर सुरक्षा दीवार नहीं होने के कारण पिछली बरसात में खेत बह जाने से हुए नुकसान का मामला उठाया। ग्रामीणों ने स्कवर और सुरक्षा दीवार निर्माण की मांग की, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत घियाकोटी और बिंदालकोटी तक संपर्क मार्ग तथा सुरक्षा कार्य कराने की मांग पर भी संबंधित अधिकारी को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा थौलधार के डांग गुसाईं में सड़क निर्माण से क्षतिग्रस्त मार्ग की मरम्मत, गवाणा हिंसरीयाखाल के राजेंद्र सिंह के शस्त्र लाइसेंस को उनके नाम किए जाने समेत अन्य मामलों पर भी संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
अपशिष्ट प्रबंधन के तहत स्थापित कॉम्पैक्टरों के निरीक्षण के निर्देश
जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को उच्चतम न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में अपने-अपने क्षेत्रों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के तहत स्थापित कॉम्पैक्टरों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कॉम्पैक्टरों की स्थिति, संचालन और कचरा प्रबंधन व्यवस्था की कार्यप्रणाली की जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
डीएम ने कहा कि जनता की शिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे समस्याओं के निस्तारण में हीलाहवाली न करें और प्रत्येक प्रकरण की समयबद्ध निगरानी सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर सीडीओ वरुणा अग्रवाल, आईएएस प्रशिक्षु ज्योति, एडीएम शैलेंद्र नेगी, एसडीएम टिहरी कमलेश मेहता, एसएलओ नीलू सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
