- नरेंद्रनगर को शहरी श्रेणी में शामिल करने की उठी मांग
वाचस्पति रयाल @ नरेंद्रनगर। टिहरी जनपद के ऐतिहासिक नगर नरेंद्रनगर में रसोई गैस सिलेंडर की बुकिंग अवधि 45 दिन निर्धारित किए जाने को लेकर स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश व्याप्त है। नगरवासियों का कहना है कि शहर में रहने के बावजूद उन्हें गैस बुकिंग के मामले में ग्रामीण क्षेत्र की श्रेणी में रखा गया है, जिससे लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार शहरी क्षेत्रों में गैस सिलेंडर की बुकिंग 25 दिन बाद की जा सकती है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में यह अवधि 45 दिन निर्धारित है। लेकिन नरेंद्रनगर शहर को गैस वितरण व्यवस्था में ग्रामीण क्षेत्र की श्रेणी में रखा गया है, जिसके कारण यहां के उपभोक्ताओं को 45 दिन बाद ही सिलेंडर बुक करने की अनुमति मिल रही है।
इस संबंध में जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) मनोज डोभाल से दूरभाष पर संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि वर्तमान व्यवस्था के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में 45वें दिन और शहरी क्षेत्रों में 25वें दिन गैस सिलेंडर बुकिंग की जा सकती है। वहीं शहीद सुंदर गैस सेवा, खाड़ी के कार्यालय से भी इसी प्रकार की जानकारी प्राप्त हुई है।
नगरवासियों का कहना है कि नरेंद्रनगर एक ऐतिहासिक और प्रमुख नगर है, जहां बड़ी संख्या में लोग निवास करते हैं। इसके बावजूद गैस बुकिंग और वितरण व्यवस्था में इसे ग्रामीण क्षेत्र के दायरे में रखना समझ से परे है। लोगों का कहना है कि इससे गैस सिलेंडर की उपलब्धता में देरी होती है और कई बार उन्हें अतिरिक्त खर्च उठाकर अन्य स्थानों से सिलेंडर की व्यवस्था करनी पड़ती है।
स्थानीय नागरिकों ने इस व्यवस्था पर हैरानी जताते हुए कहा कि राजशाही काल का यह ऐतिहासिक नगर आज भी कई प्रशासनिक सुविधाओं के मामले में पिछड़ा हुआ महसूस कर रहा है। उनका कहना है कि यदि शहर के लोगों को 45 दिन तक इंतजार करना पड़ेगा तो इससे आम परिवारों की रसोई व्यवस्था प्रभावित होगी।
नगरवासियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि नरेंद्रनगर को गैस बुकिंग के मामले में शहरी क्षेत्र की श्रेणी में शामिल किया जाए, ताकि यहां के उपभोक्ताओं को भी अन्य शहरों की तरह 25वें दिन गैस सिलेंडर बुक करने की सुविधा मिल सके। इस संबंध में लोगों ने जिलाधिकारी नीतिका खंडेलवाल से हस्तक्षेप कर उचित निर्णय लेने की मांग की है, जिससे शहरवासियों को राहत मिल सके।
