Voluntary Blood Donation Camp आयोजित at Pokhari Government College, Uttarakhand
वाचस्पति रयाल@ नरेन्द्रनगर। पट्टी क्वीली के पोखरी स्थित शहीद बेलमती चौहान राजकीय महाविद्यालय में उच्च शिक्षा विभाग उत्तराखण्ड एवं वीरा फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। महाविद्यालय की रेडक्रॉस समिति द्वारा शिविर का सफल संचालन किया गया, जिसमें शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. शशिबाला वर्मा ने की, जबकि शिविर का संयोजन एवं संचालन रेडक्रॉस नोडल अधिकारी डॉ. गणेश भागवत ने किया। शिविर में कुल 12 स्वयंसेवियों ने एक-एक यूनिट रक्तदान किया, जिनमें शिक्षक, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं शामिल रहे।
रक्तदान करने वालों में डॉ. शशिबाला वर्मा, डॉ. डीपी सिंह, डॉ. गणेश भागवत, डॉ. मुकेश सेमवाल, मुकेश रतूड़ी, अजय तिवारी तथा छात्राओं में पूजा, कनिका, कंचन, किरण रावत, चांदनी एवं पवन शामिल रहे।
इस अवसर पर डॉ. गणेश भागवत ने वेदों की ऋचाओं के माध्यम से रक्तदान के महत्व को समझाते हुए इसे ‘महादान’ बताया। उन्होंने कहा कि रक्तदान से किसी जरूरतमंद को नया जीवन मिलता है।
शिविर के दौरान महाविद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे और रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। उपस्थित प्रमुख लोगों में सरिता देवी, डॉ. वंदना सेमवाल, रेखा नेगी, नरेंद्र बिजल्वाण, सुनीता देवी, राजेंद्र प्रसाद, दीवान सिंह और मूर्ति लाल शामिल रहे। इस आयोजन ने न केवल सामाजिक सरोकारों को मजबूत किया, बल्कि युवाओं में सेवा और मानवता की भावना को भी प्रेरित किया।
No WhatsApp Number Found!