Villagers from Patti Dogi, under Uttarakhand Kranti Dal, gheraoed the PWD office in Narendranagar, demanding road repairs and completion of pending projects, warning of a blockade if work does not begin within 10–12 days.
- तहसीलदार व अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी को ज्ञापन की कार्रवाई की मांग
- तत्काल कार्रवाई न होने पर दी आंदोलन की चेतावनी
वाचस्पति रयाल@नरेन्द्रनगर।
विधानसभा नरेन्द्रनगर क्षेत्र के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों की दुर्दशा और लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) की लगातार बनी उदासीनता के खिलाफ स्थानीय जनता का धैर्य बुधवार को जवाब दे गया।
उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) के बैनर तले भारी संख्या में पट्टी दोगी के ग्रामीणों ने नरेंद्रनगर पहुंचकर लोनिवि (PWD) कार्यालय का घेराव कर शासन-प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और तहसीलदार विनोद तिवारी तथा लोनिवि के अधिशासी अभियंता प्रदीप कर्णवाल के माध्यम से प्रदेश के महामहिम राज्यपाल और मुख्यमंत्री को एक संयुक्त ज्ञापन प्रेषित किया।
ज्ञापन में रोड मरम्मत सहित सभी तरह की सुधारीकरण की मांग करते हुए, व्यवस्था को हर तरह से चौक चौबंद करने पर ग्रामीणों ने जोर दिया है।
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे उत्तराखंड क्रांति दल के केंद्रीय मंत्री सरदार सिंह पुंडीर , युवा प्रकोष्ठ के केंद्रीय महामंत्री विकास चंद्र रयाल व (सेवानिवृत्त कर्नल) बलवीर सिंह कबसूड़ी ने पांच सूत्री मांगों को लेकर दो टूक चेतावनी दी है कि यदि अगले 10-12 दिनों के भीतर संबंधित सड़कों पर धरातलीय कार्य शुरू नहीं किया गया, तो क्षेत्र की समस्त जनता सड़कों पर उतरकर पूर्ण चक्का जाम और उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी।

ज्ञापन में लिखित प्रमुख मांगों में विधानसभा नरेंद्र नगर के अंतर्गत जीर्ण-शीर्ण मोटर मार्गो की गुणवत्ता पूर्ण मरम्मत किए जाने, बरसों से अधूरे पड़े मोटर मार्गो का निर्माण समय सीमा के अंतर्गत पूर्ण किए जाने के अलावा घटिया कार्यों के चलते जान माल आदि की घटनाओं की क्षतिपूर्ति और भरपाई के लिए संबंधित विभाग व प्रशासन से किए जाने सहित, पांच मांगें शामिल हैं।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई ना की गई तो वे व्यापक रूप से जन आंदोलन को बाध्य होंगे।
दुऊली-गुज़राड़ा मोटर मार्ग की कटिंग और दोगी पट्टी की सड़कों का मुद्दा छाया रहा
प्रदर्शनकारियों ने लोनिवि के अधिकारियों के समक्ष क्षेत्र की बदहाल सड़कों की पूरी सूची रखी। ज्ञापन में प्रमुखता से मांग की गई कि दुऊली-गुज़राड़ा मोटर मार्ग के अधूरे पड़े कटिंग कार्य को अविलंब पूरा किया जाए, ताकि ग्रामीणों को इसका लाभ मिल सके।
इसके साथ ही दोगी पट्टी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले समस्त ग्रामीण संपर्क मार्गों की बदहाली पर दोगी क्षेत्र के लोगों ने गहरा आक्रोश व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि दोगी पट्टी की सड़कों के दोनों ओर लंबे समय से झाड़ियों का कटान नहीं हुआ है, जिससे तीखे मोड़ों पर दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता है। सड़कों के किनारे बनी नालियां पूरी तरह चोक होने के कारण बरसात का पानी सड़कों के ऊपर बह रहा है, जिससे डामरीकरण पूरी तरह ध्वस्त हो चुका है।
ढालवाला चीनी गोदाम मार्ग का तत्काल हो सुधार
इसके अतिरिक्त, ढाल वाला हिलट्रॉन से चीनी गोदाम (ढालवाला) मार्ग के सुदृढ़ीकरण और तत्काल सुधार की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। साथ ही आगाह भी किया गया कि शीघ्र मार्गों का सुधारीकरण नही किया गया तो मजबूरन सड़कों पर उतरने को बाध्य होना पड़ेगा।
शासन-प्रशासन की होगी हादसों की जिम्मेदारी
ग्रामीणों ने प्रशासनिक अधिकारियों को चेताया कि जर्जर सड़कों, चोक नालियों और अंधाधुंध उगी झाड़ियों के कारण क्षेत्र में कभी भी कोई बड़ी अप्रिय घटना या सड़क हादसा हो सकता है। यदि इस लापरवाही की वजह से किसी स्थानीय नागरिक या स्कूली बच्चे के जान-माल की क्षति होती है, तो उसकी संपूर्ण और प्रत्यक्ष जिम्मेदारी लोनिवि विभाग और शासन-प्रशासन की तय की जाएगी।
घेराव में ये लोग रहे शामिल
लोनिवि कार्यालय के घेराव और प्रदर्शन कार्यक्रम में मुख्य रूप से उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) के केंद्रीय मंत्री सरदार सिंह पुंडीर, युवा प्रकोष्ठ के केंद्रीय महामंत्री विकास चंद्र रयाल, सेवानिवृत्त कर्नल बलबीर सिंह कबसूड़ी,राज कबसूड़ी ,वरिष्ठ समाजसेवी गिरीश चंद्र जुयाल, जिला महासचिव बलदेव सिंह कंडारी, रमेश सिंह जेठुड़ी, भास्कर रयाल,शंकर रमोला, दर्शन सिंह भंडारी, रणजीत सिंह, राजपाल सिंह, होशियार सिंह, मनोज सिंह, मोहन सिंह, गजेन्द्र सिंह, श्रीमती कंचन रावत, श्रीमती अनीता पुंडीर,कमल सिंह सहित दोगी पट्टी क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और भारी संख्या में मातृशक्ति मौजूद रही।
