Niti Extreme Ultra Run Spreads Drug-Free India Message, Sajag India Promotes Fitness and Mental Health
- नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन में सजग इंडिया ने दिया नशामुक्ति और फिटनेस का संदेश।
- 28 राज्यों के 1200 खिलाड़ियों को बनाया सजग इंडिया का ब्रांड एम्बेसडर: ललित जोशी
- “नशे को ना, फिटनेस को हाँ” से गूंजा नीति घाटी।
देहरादून/चमोली@Rashtriy Vichar#। भारत-तिब्बत सीमा से सटी खूबसूरत नीति घाटी सिर्फ रोमांच और खेल का केंद्र ही नहीं बनी, बल्कि यहां से नशामुक्त भारत का मजबूत संदेश भी पूरे देश में पहुंचा। नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन में देश के 28 राज्यों से आए 1000 से अधिक धावकों और खिलाड़ियों के बीच नशे के खिलाफ अभियान चला रही संस्था सजग इंडिया ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए फिटनेस, मानसिक स्वास्थ्य और नशामुक्ति का संदेश दिया।
उत्तराखंड पर्यटन विभाग, भारतीय सेना, आईटीबीपी, जिला प्रशासन और सजग इंडिया के संयुक्त सहयोग से आयोजित इस मेगा स्पोर्ट्स इवेंट में 75 किमी अल्ट्रा रन से लेकर मैराथन, हाफ मैराथन, 10 और 5 किमी रन तथा एमटीबी चैलेंज जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। आयोजन के दौरान सजग इंडिया की टीम ने नीति, गमसाली, बम्पा, मलारी समेत आसपास के आठ गांवों में पहुंचकर लोगों और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों, मानसिक स्वास्थ्य और फिटनेस के महत्व के प्रति जागरूक किया।

खेल और फिटनेस देती सकारात्मक दिशा: सजग इंडिया के अध्यक्ष एडवोकेट ललित मोहन जोशी ने कहा कि खेल और फिटनेस युवाओं को सकारात्मक दिशा देते हैं तथा उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने का सबसे प्रभावी माध्यम बन सकते हैं। उन्होंने प्रतिभागियों से अपने-अपने राज्यों में नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में केबिनेट मंत्री भरत चौधरी, गृह सचिव शैलेश बगोली, सचिव पर्यटन धीराज गर्ब्याल, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, जिला पूर्ति अधिकारी अंकित पांडेय, कर्नल शान्तनु, आर जे काव्य, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, भारतीय सेना एवं आईटीबीपी के अधिकारी-जवान, सजग इंडिया के सदस्य अभिषेक राणा, नंदनी कुमोला, योगेश चिराल, विवेक, मानसी रावत, सुहानी काला, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन की खास बातें
- 28 राज्यों से पहुंचे 1000+ प्रतिभागी
- 75 किमी, 42 किमी, 21 किमी, 10 किमी और 5 किमी रन का आयोजन
- गमसाली-मलारी के बीच 30 किमी एमटीबी चैलेंज भी हुआ
- सजग इंडिया ने चलाया नशे को ना, फिटनेस को हां अभियान
- 8 सीमांत गांवों में मानसिक स्वास्थ्य और नशामुक्ति पर जागरूकता कार्यक्रम
- भारतीय सेना, आईटीबीपी, पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन का सहयोग
- युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
