Dayara Bugyal Missing Woman Trekker: Massive Search Operation Continues for Fifth Day in Uttarkashi
- दयारा बुग्याल में पांचवें दिन भी नहीं मिला महिला ट्रेकर का सुराग
- जलाशयों में उतरी डीप डाइविंग टीम
- एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी समेत कई एजेंसियां जुटीं
- जंगलों, पहाड़ों और जल स्रोतों में चल रही व्यापक खोज
उत्तरकाशी@Rashtriy Vichar#। भटवाड़ी तहसील के अंतर्गत प्रसिद्ध दयारा बुग्याल ट्रैक क्षेत्र में लापता महिला ट्रेकर बबीता पांडेय की तलाश बुधवार को पांचवें दिन भी जारी रही, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है। घटना के पांच दिन बीत जाने से परिजनों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है, जबकि प्रशासन ने खोज अभियान को और अधिक व्यापक और तेज कर दिया है।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशन में चलाए जा रहे इस संयुक्त खोज एवं बचाव अभियान में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस, वन विभाग, राजस्व विभाग, आईटीबीपी तथा आपदा प्रबंधन की क्यूआरटी टीम के अधिकारी और जवान लगातार जुटे हुए हैं। दयारा बुग्याल के दुर्गम पहाड़ी इलाकों, गहरी खाइयों, घने जंगलों और कठिन भौगोलिक क्षेत्रों में संभावित हर स्थान की बारीकी से तलाशी ली जा रही है।
महिला ट्रेकर की खोज को नई दिशा देने के लिए बुधवार को विशेष डीप डाइविंग टीम को भी अभियान में शामिल किया गया। टीम ने ट्रैक मार्ग के आसपास स्थित झीलों, जलाशयों और अन्य जल स्रोतों में गहन सर्च ऑपरेशन शुरू किया। डीप डाइविंग टीम में एसडीआरएफ, पुलिस विभाग, आपदा प्रबंधन के मास्टर ट्रेनर और क्यूआरटी के प्रशिक्षित सदस्य शामिल हैं, जो आधुनिक उपकरणों की सहायता से जल स्रोतों की जांच कर रहे हैं।
प्रशासन का कहना है कि खोज अभियान को वैज्ञानिक और व्यवस्थित तरीके से संचालित किया जा रहा है। संभावित सभी स्थानों को चिह्नित कर तलाशी ली जा रही है, ताकि किसी भी संभावना को नजरअंदाज न किया जाए। हालांकि लगातार पांच दिनों की तलाश के बाद भी कोई ठोस सुराग नहीं मिलने से अभियान और चुनौतीपूर्ण होता जा रहा है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि महिला ट्रेकर की तलाश में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। जब तक कोई ठोस जानकारी नहीं मिल जाती, तब तक सभी उपलब्ध संसाधनों और एजेंसियों की मदद से अभियान पूरी गंभीरता के साथ जारी रखा जाएगा।
