अल्मोड़ा@RashtriyVichar। जिले की सल्ट तहसील में सोमवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। डभरा सौराल ग्राम पंचायत के घोड़ीधार तोक में 21 वर्षीय नवविवाहिता की अज्ञात वन्यजीव के हमले में मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने शासन, प्रशासन और वन विभाग से वन्यजीव के आतंक पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार, शालिनी नेगी (21), पत्नी रविंद्र नेगी, सोमवार सुबह घर के पास गोबर फेंकने गई थीं। इसी दौरान किसी जंगली जानवर ने उन पर हमला कर दिया। आशंका है कि हमले के बाद वन्यजीव उन्हें जंगल की ओर घसीट ले गया। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान उनका शव जंगल से बरामद हुआ। शव के गले पर गहरे घाव के निशान मिले हैं।
प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) अल्मोड़ा दीपक सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र का गहन निरीक्षण किया जा रहा है। हमले में शामिल वन्यजीव की पहचान के लिए पदचिह्नों, अन्य साक्ष्यों और परिस्थितिजन्य संकेतों के आधार पर जांच जारी है।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में निगरानी और सतर्कता बढ़ा दी गई है। वन विभाग, पशु चिकित्सकों और अन्य संबंधित अधिकारियों की टीमें लगातार क्षेत्र में मौजूद हैं तथा ग्रामीणों से वन्यजीव की गतिविधियों के संबंध में नियमित जानकारी जुटाई जा रही है।
डीएफओ ने बताया कि मृतका के परिजनों को देय 10 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता प्रदान करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
बताया जा रहा है कि कार्बेट टाइगर रिजर्व से सटे सल्ट क्षेत्र में पिछले सात महीनों के दौरान वन्यजीव के हमले की यह चौथी घटना है, जिससे स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश दोनों बढ़ गए हैं।
