Government PG College, New Tehri, organized speech, essay, painting, rangoli and cultural events under the “My Vision for Developed India 2047” campaign. MLA Kishore Upadhyay presented certificates to beneficiaries of the Chief Minister’s Meritorious Student Scholarship Scheme.
- विधायक किशोर उपाध्याय ने मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित, विकास कार्यों में सहयोग का दिया भरोसा
वाचस्पति रयाल@ नरेंद्रनगर। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नई टिहरी में सेवा संकल्प अभियान–‘मेरे सपनों का विकसित भारत 2047’ के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए भाषण, निबंध, चित्रकला और रंगोली प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उत्साह और उल्लास का माहौल बनाया। इस दौरान क्षेत्रीय विधायक किशोर उपाध्याय ने मुख्यमंत्री मेधावी छात्रवृत्ति योजना के लाभार्थी विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक किशोर उपाध्याय, महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. प्रीति कुमारी, वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. डीपीएस भंडारी, प्रो. राजकुमार त्यागी, डॉ. दीपेन्द्र सिंह तोपवाल, डॉ. राजपाल सिंह रावत और डॉ. ऋतुराज पंत ने मां सरस्वती के चित्र का अनावरण और दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता, विचार क्षमता और कौशल का परिचय दिया।
प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
भाषण प्रतियोगिता में अलीना शेख ने प्रथम, रेखा पंवार ने द्वितीय तथा नीतू और आरती ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। निबंध प्रतियोगिता में सलोनी प्रथम, काजल द्वितीय और साक्षी उनियाल तृतीय स्थान पर रहीं, जबकि सुषमा को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।
चित्रकला प्रतियोगिता में शिवम सोनी ने पहला, सुषमा महतो ने दूसरा और अचल नेगी ने तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं, रंगोली प्रतियोगिता में साक्षी, रितिका और ज्योति की टीम प्रथम रही। ईशा और वंदना की टीम ने दूसरा तथा शानू और प्रियांशी की टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और रचनात्मक गतिविधियों में भागीदारी का अवसर मिला।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। प्रस्तुतियों के माध्यम से सांस्कृतिक रंगों और विद्यार्थियों की प्रतिभा की झलक देखने को मिली। पूरे कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं का उत्साह देखने लायक रहा।
इस अवसर पर विधायक किशोर उपाध्याय ने मुख्यमंत्री मेधावी छात्रवृत्ति योजना के लाभार्थी विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित कर प्रोत्साहित किया। उन्होंने महाविद्यालय के विकास कार्यों में पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए संबंधित प्रस्ताव उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने कहा कि प्रस्ताव मिलने के बाद उन पर समयबद्ध और उचित कार्रवाई की जा सकेगी।
कार्यक्रम की संयोजक डॉ. रंजना सिंह रहीं। आयोजन में डॉ. हिमानी, डॉ. कमलेश पाण्डेय, डॉ. हर्षिता, डॉ. शुभम उनियाल, डॉ. चंचल, डॉ. माधुरी कोहली और डॉ. शुभम गोस्वामी सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी, छात्रसंघ पदाधिकारी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम की बेहतरीन फोटोग्राफी के लिए डॉ. संजय कुमार तथा आकर्षक मंच संचालन के लिए अंकिता बोरा की भी सराहना की गई।
