- देशभक्ति के रंग में रंगी टिहरी रियासत की राजधानी नरेंद्रनगर
- प्रभात फेरी से सांस्कृतिक कार्यक्रमों तक दिखा उत्साह
वाचस्पति रयाल @ नरेंद्रनगर। देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस नरेंद्रनगर में हर्षोल्लास और देशभक्ति के जज्बे के साथ मनाया गया। नगर के झंडा मैदान में आयोजित सामूहिक ध्वजारोहण कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक एवं प्रदेश के स्वास्थ्य एवं वन मंत्री सुबोध उनियाल ने तिरंगा फहराकर देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को बनाए रखने की शपथ दिलाई। इस अवसर पर मेधावी छात्र-छात्राओं, उत्कृष्ट कार्य करने वाले पर्यावरण मित्रों, शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया गया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह की शुरुआत सुबह नगर की विभिन्न शिक्षण संस्थाओं के छात्र-छात्राओं द्वारा निकाली गई भव्य प्रभात फेरी से हुई। रंग-बिरंगी पोशाकों में सजे बच्चे हाथों में तिरंगा लेकर नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरे। “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्”, “हमारा तिरंगा ऊंचा रहे” और “देश के वीर सपूतों की जय” जैसे गगनभेदी नारों से पूरा नरेंद्रनगर देशभक्ति के रंग में सराबोर हो उठा।
नगर की शिक्षण संस्थाओं के साथ ही सरकारी और गैर सरकारी कार्यालयों में भी संस्था अध्यक्षों एवं अधिकारियों द्वारा ध्वजारोहण किया गया। श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल में छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। हिंदी और अंग्रेजी में विद्यार्थियों ने राष्ट्रप्रेम से जुड़े ओजस्वी विचार प्रस्तुत किए।
इस दौरान प्रधानाचार्य पंकज ड्यूंडी, पार्वती नौटियाल, मीनाक्षी, गजेंद्र परिहार, रोशनी चौहान एवं कमलेश ड्यूंडी सहित शिक्षकों ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व और देश के स्वतंत्रता संग्राम के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
झंडा मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने आमजन से देश, राज्य और क्षेत्र के विकास में अपना सर्वोच्च योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की प्रगति के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी और कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करना चाहिए।
समारोह में बखरियाणा स्थित 1852 फील्ड रेजीमेंट के अधिकारी एवं सेना के जवान भी शामिल हुए। उनकी मौजूदगी ने कार्यक्रम में राष्ट्रभक्ति और गौरव का माहौल और भी मजबूत कर दिया।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विभिन्न शिक्षण संस्थाओं की ओर से रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। वहीं स्कूली बच्चों के लिए पोस्टर प्रतियोगिता और सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। युवाओं में उत्साह बढ़ाने के लिए दो वर्गों में क्रॉस कंट्री दौड़ भी आयोजित की गई।
समारोह के समापन अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं एवं प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में पालिका अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार, उप जिलाधिकारी आशीष चंद्र घिल्डियाल, पालिका सभासद साकेत बिजल्वाण सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
समारोह का संचालन हिंदी साहित्य के मूर्धन्य व्यक्तित्व एवं शिक्षक महेश गुसाईं ने अपनी प्रभावशाली और आकर्षक शैली में किया। उनके सधे हुए संचालन ने पूरे कार्यक्रम में उत्साह और जीवंतता बनाए रखी। उपस्थित लोगों ने उनकी संचालन क्षमता की जमकर सराहना की और कहा कि नरेंद्रनगर में किसी भी बड़े आयोजन को प्रभावशाली ढंग से संचालित करने में गुसाईं की अपनी अलग पहचान है।
