LPG e-KYC Deadline Extended to August 23, 2026 for Dehradun Consumers
देहरादून@Rashtriy Vichar। घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। भारत सरकार ने ई-केवाईसी (EKYC) कराने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 23 अगस्त 2026 कर दी है। पहले इसकी अंतिम तिथि 15 अगस्त निर्धारित थी। जिला पूर्ति विभाग ने उपभोक्ताओं से अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द ई-केवाईसी पूरी कराने की अपील की है।
देहरादून जिले में कुल 7,16,845 घरेलू गैस कनेक्शन हैं। इनमें अब तक 5,57,546 उपभोक्ता ई-केवाईसी करा चुके हैं, जबकि 1,59,299 उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी अभी लंबित है। लंबित उपभोक्ताओं में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के 9,243 लाभार्थी भी शामिल हैं।
तीन तरीकों से करा सकते हैं ई-केवाईसी
उपभोक्ता अपनी ई-केवाईसी तीन आसान तरीकों से पूरी कर सकते हैं। पहला, संबंधित गैस एजेंसी पर जाकर। दूसरा, गैस सिलिंडर की होम डिलीवरी करने वाले कर्मचारी के मोबाइल एप और बायोमेट्रिक डिवाइस के माध्यम से। तीसरा, संबंधित तेल विपणन कंपनी इंडेन, भारत गैस या एचपी गैस के अधिकृत मोबाइल एप के जरिए स्वयं ई-केवाईसी की जा सकती है।
जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल ने उपभोक्ताओं से समय रहते प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है, ताकि एलपीजी सेवाओं का निर्बाध लाभ मिलता रहे।
ई-केवाईसी नहीं कराई तो बढ़ेगी परेशानी
विभाग के अनुसार 23 अगस्त 2026 तक ई-केवाईसी नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं की घरेलू गैस आपूर्ति बाधित हो सकती है और उन्हें गैस व्यावसायिक दरों पर उपलब्ध कराई जाएगी। ऐसे में उपभोक्ताओं के पास अब अंतिम अवसर है कि वे समय रहते ई-केवाईसी पूरी कर लें।
