Narendranagar Civic Elections Heat Up: Congress Backs Rajendra Gusain, BJP Likely to Field Rajendra Vikram Singh Panwar
- नगर निकाय चुनाव की सियासत गर्माई ,अध्यक्ष पद की लड़ाई होगी दिलचस्प
- 7 वार्डों में कुल मतदाताओं की संख्या 3596 है
वाचस्पति रयाल@नरेंद्रनगर।
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा पालिका परिषद नरेंद्रनगर सहित प्रदेश की दो अन्य स्थानीय निकायों के चुनाव की अधिसूचना जारी होते ही, नरेंद्रनगर में चुनाव सरगर्मियां तेज हो गई हैं।
चुनाव अधिसूचना जारी होते ही अध्यक्ष व सभासदों के पदों के प्रत्याशियों ने मतदाताओं को अपने-अपने पक्ष में करने के लिए जी जान से जोड़-तोड़ और तिकड़म शुरू कर दी है। गौरतलब है कि नगर पालिका परिषद नरेंद्र नगर के 7 वार्डों में कुल मतदाताओं की संख्या 3596 है, जिनमें 1623 महिला एवं 1973 पुरुष मतदाता शामिल हैं।
2025 में नही हो पाए थे चुनाव: बताते चलें कि वर्ष 2025 में प्रदेश के 11 नगर निगमों 43 नगर परिषदों तथा 47 नगर पंचायतों में चुनाव आयोजित किए गए थे, जिनके परिणाम 25 जनवरी 2025 को घोषित किए गए थे। मगर परिसीमन सीमा विस्तार और मतदाता सूचियों में देरी के कारण नगर पालिका परिषद नरेंद्रनगर व उधम सिंह नगर के गढ़ी नेगी में चुनाव नहीं हो पाए थे।
9 जून को मतदान और 11 को परिणाम: डेढ़ वर्षो के बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने हरकत में आते हुए अब इन क्षेत्रों में चुनाव प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, अधिसूचना के मुताबिग आगामी 9 जून को मतदान तथा 11 जून को मतगणना के साथ चुनाव परिणाम की घोषणा की जाएगी।
चुनावी हलचल हुई तेज: चुनाव आयोग की अधिसूचना के बाद नरेंद्रनगर में तेज हुई चुनावी हलचल ने भीषण गर्मी में राजनीतिक चुनावी सर गर्मियां बढ़ा दी हैं।
बताते चलें कि राजनीतिक लिहाज से यहां अब तक के हुए अध्यक्ष पद के चुनावों में मुख्य मुकाबला कांग्रेस और भाजपा के बीच रहा है।
इस बार भी जो परिदृश्य सामने उभर कर आ रहा है उससे भी यही साफ होता जा रहा है कि कांग्रेस व भाजपा में ही असली चुनावी भिड़ंत होगी।
चुनाव की इच्छुक प्रत्याशियों ने टिकट पाने की होड़ में अपने-अपने बड़े नेताओं की परिक्रमा करनी जहां शुरू कर दी है, वहीं वे मतदाताओं से भी मिलकर व दूरभाष पर संपर्क साधने में जुट गए हैं।
पूर्व विधायक ओम गोपाल रावत की मौजूदगी में कांग्रेस प्रत्याशी का हुआ चयन: यहां स्थित सन व्यू होटल में हुई कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक में पूर्व पालिका अध्यक्ष राजेंद्र सिंह गुसाईं को अध्यक्ष पद के लिए प्रत्याशी घोषित किया गया है। अध्यक्ष पद के लिए राजेंद्र गुसाईं के नाम का प्रस्ताव , पूर्व पालिका अध्यक्ष व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजेंद्र सिंह राणा ने रखा, जिसको तालियों की गड़गड़ाहट के बीच ध्वनि मत से पारित किया गया। कांग्रेस की ओर से राजेंद्र गुसाईं को अध्यक्ष पद के दावेदार घोषित करने पर कांग्रेसियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
भाजपा में पूर्व पालिकाध्यक्ष का नाम सबसे आगे: वहीं भाजपा में अध्यक्ष पद के लिए पूर्व पालिका अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार का नाम शीर्ष पर बताया जा रहा है। प्रदेश के स्वास्थ्य एवं वन मंत्री सुबोध उनियाल का वरदहस्त प्राप्त पंवार को ही प्रत्याशी बनाए जाने की चर्चा तेज है। ऐसे संकेत श्री उनियाल यहां आयोजित पूर्व की कई बैठकों में विक्रम पंवार को अभूत पूर्व अध्यक्ष की संज्ञा से संबोधित करते हुए सुने गये हैं।
भाजपा में तीन और नामों की हो रही चर्चा: भाजपा की ओर से बद्री केदार मंदिर समिति के पूर्व सदस्य राजपाल सिंह पुंडीर,भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष रेखा राना व अनुसूचित जाति महिला मोर्चा की अध्यक्ष आशा टम्टा का नाम भी अध्यक्ष पद के लिए सामने आ रहा है।
नामांकन पत्रों की खरीद शुरू: यह भी बताते चलें कि 27 व 29 मई को नाम निर्देशन पत्र प्राप्त किये जा सकेंगे, 30 मई को नाम निर्देशन पत्रों की जांच, 31 मई को नाम निर्देशन पत्रों के वापसी, 1 जून को प्रतीक चिह्नों का आवंटन, तथा 9 जून को मतदान एवं 11 जून को मतगणना के साथ परिणामों की घोषणा की जाएगी।
प्रत्याशी चयन को मंत्री सुबोध की मैराथन बैठक जारी: भाजपा अध्यक्ष पद प्रत्याशी एवं वार्ड सदस्यों के प्रत्याशियों के चयन के लिए प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल, यहां नगर में भाजपा के कार्यकर्ताओं की बैठक ले रहे हैं। जो देर रात समाचार लिखे जाने तक निरंतर जारी है।
