Controversy Erupts After Journalist Hem Bhatt Picked Up by Police in Early Morning Raid
- तड़के उठाने की कार्रवाई से मचा बवाल, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर उठे सवाल
- मारपीट, फोन जब्ती के आरोप से गरमाया मामला, कटघरे में पुलिस की कार्यशैली
देहरादून@Rashtriy Vichar#। वरिष्ठ पत्रकार हेम भट्ट को शनिवार तड़के करीब 4 बजे उनके घर से पुलिस द्वारा पूछताछ के लिए उठाए जाने का मामला अब तूल पकड़ गया है। उनकी पत्नी दिव्या जोशी ने आरोप लगाया है कि सादे लिबास में आई पुलिस टीम ने बच्चों के सामने उनके साथ मारपीट की और बिना किसी वारंट के मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए।
मामला सामने आने के बाद राज्य में राजनीतिक और सामाजिक प्रतिक्रिया तेज हो गई है। विपक्षी दलों और पत्रकार संगठनों ने पुलिस कार्रवाई को दमनकारी बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की है।
पुलिस की ओर से एसपी सिटी ने सफाई देते हुए कहा कि जमीन धोखाधड़ी मामले में जेल में बंद 20 हजार के इनामी आरोपी प्रदीप सकलानी से पूछताछ के दौरान कुछ नाम सामने आए थे, जिनमें हेम भट्ट का नाम भी शामिल था। इसी इनपुट के आधार पर उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया गया था और बाद में छोड़ दिया गया।
इस घटना को एक दिन पहले वायरल हुए इंटरव्यू से भी जोड़ा जा रहा है, जिसमें भाजपा विधायक अरविंद पांडे ने जमीन घपलों की सीबीआई जांच की मांग उठाई थी। इसे हेम भट्ट ने ही कवर किया था।
कांग्रेस प्रवक्ता गरिमा दसौनी, अधिवक्ता संदीप चमोली और युवा नेता बॉबी पंवार ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला बताया है। उनका कहना था कि पुलिस को आखिर अल सुबह पत्रकार को घर से उठाने की इतनी जल्दी क्या रही,यह कार्रवाई थोड़ी रूक कर भी की जा सकती थी। यह मामला अब राजनीतिक बहस का केंद्र बन गया है।
