- जनता मिलन में 74 शिकायतें लेकर पहुंचे फरियादी
- डीएम ने अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
वाचस्पति रयाल @ नरेंद्रनगर। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी नीतिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें रखीं। कार्यक्रम में कुल 74 शिकायतें दर्ज की गईं। जिलाधिकारी ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अधिकांश प्रकरणों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनता मिलन में पुनर्वास, सड़क निर्माण, प्रतिकर वितरण, पेंशन, पेयजल, आधार कार्ड, सीएससी सेंटर, आवास, जंगली जानवरों से उत्पन्न समस्या, आर्थिक सहायता, दिव्यांग प्रमाणपत्र और मोबाइल नेटवर्क सहित विभिन्न मुद्दे प्रमुखता से उठे। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का यथासंभव अपने स्तर पर ही त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करें, ताकि लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की साप्ताहिक समीक्षा करने तथा पेयजल निगम, लोनिवि समेत अन्य विभागों की लंबित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए।
आधार और दिव्यांग प्रमाणपत्र के लिए तत्काल हो कार्रवाई
नरेंद्रनगर तहसील के ग्राम कखील निवासी अशोक कुमार ने ग्रामीणों के आधार कार्ड बनवाने की समस्या रखी। वहीं प्रियंका ने अपने पिता का दिव्यांग प्रमाणपत्र जारी कराने का अनुरोध किया। डीएम ने समाज कल्याण अधिकारी और ईडीएम को आधार कार्ड से संबंधित कार्रवाई तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी और समाज कल्याण अधिकारी को दिव्यांग प्रमाणपत्र के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए।
पिपोला में पेयजल संकट और भू-धंसाव का उठा मामला
जाखणीधार के पिपोला गांव से पहुंचे ग्रामीणों ने पेयजल संकट, सड़क के डामरीकरण और गांव में हो रहे भू-धंसाव की समस्या जिलाधिकारी के सामने रखी। डीएम ने पेयजल और सड़क से संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। भू-धंसाव के मामले में उन्होंने बताया कि आईआईटी रुड़की की टीम द्वारा किए जा रहे सर्वे की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
फरियादियों ने आवास योजना से लेकर वन विभाग की शिकायतें रखी सामने
धनोल्टी तहसील के मथलाऊ निवासी रंजीता देवी ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की पात्रता सूची में नाम शामिल नहीं होने की शिकायत की। इस पर जिला विकास अधिकारी को प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
वहीं सुनील थपलियाल ने जौनपुर रेंज के वन कर्मियों की कार्यालय में नियमित उपस्थिति नहीं होने का मामला उठाया। जिलाधिकारी ने संबंधित डीएफओ को कार्रवाई के निर्देश दिए। प्रतापनगर के पनियाला निवासी गंगा देवी ने बांज, बुरांश समेत अन्य पौध उपलब्ध कराने का अनुरोध किया, जिस पर संबंधित अधिकारियों को पौध उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
सड़क प्रतिकर और टिहरी लेक अथॉरिटी के नोटिफिकेशन पर भी चर्चा
नारायण सिंह ने कस्तल-मंदार मोटर मार्ग के प्रतिकर से जुड़ी समस्या रखी। डीएम ने विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी को लोनिवि के साथ समन्वय कर मामले की जांच कराने और रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा।
वहीं सुमित्रा देवी सहित अन्य ग्रामीणों ने टिहरी लेक डेवलपमेंट अथॉरिटी की ओर से नक्शा पास किए जाने संबंधी नोटिफिकेशन को लेकर अपनी आपत्तियां और चिंताएं सामने रखीं। डीएम ने ग्रामीणों को बताया कि संबंधित नियम वर्ष 2013 में बनाया गया था। वर्तमान प्रावधानों के तहत की जा रही कार्रवाई को लेकर आगामी बैठक में प्रस्ताव प्रस्तुत कर आवश्यक निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सुनियोजित विकास के साथ स्थानीय लोगों के हितों का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा और किसी स्थानीय व्यक्ति के हितों पर प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ने दिया जाएगा।
सड़क निर्माण से पुस्ता और आंगन क्षतिग्रस्त, परिवार की सुरक्षा के निर्देश
प्रतापनगर के पूजारगांव निवासी वासुदेव सिंह ने बताया कि लोनिवि की सड़क निर्माण से उनके घर का पुस्ता और आंगन क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे आवास पर खतरा बना हुआ है और सुरक्षा के कारण उन्हें फिलहाल दूसरे के घर में रहना पड़ रहा है। डीएम ने संबंधित एसडीएम को मौके का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लेने और आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित परिवार को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने के निर्देश दिए। साथ ही निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा।
हुकुम सिंह रावत ने मदन नेगी स्थित यूनियन बैंक से जुड़ा मामला भी उठाया। डीएम ने अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) को प्रकरण की जांच कर 15 दिनों के भीतर आवश्यक कार्रवाई और रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी नीतिका खंडेलवाल ने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। जनता मिलन में प्राप्त प्रत्येक शिकायत की नियमित समीक्षा की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में हीलाहवाली न हो और प्रत्येक प्रकरण में समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इनकी रही मौजूदगी
मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, पीडी डीआरडीए ज्योति, सीएमओ डॉ. राम प्रकाश, जिला विकास अधिकारी मो. असलम, एसडीएम कमलेश मेहता, एसएलएओ नीलू चावला, जिला आबकारी अधिकारी केपी सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रेष्ठा भाकुनी, जिला पूर्ति अधिकारी सुनील बडोनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
