- कैंट में बदलाव की आहट
- कांग्रेस बोली-भाजपा के खिलाफ जनता के सब्र का बांध टूटा
देहरादून@Rashtriya Vichar। कैंट विधानसभा क्षेत्र में आगामी चुनाव से पहले कांग्रेस ने जनसंपर्क अभियान तेज करते हुए भाजपा के करीब तीन दशक लंबे राजनीतिक प्रभुत्व पर सवाल खड़े किए हैं। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी राजीव महर्षि ने सोमवार को कैंट विधानसभा क्षेत्र के चार वार्डों में जनसंपर्क कर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्षों से भाजपा का कब्जा होने के बावजूद क्षेत्र के लोग आज भी बिजली, पानी, सड़क और सीवर जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान हैं।
महर्षि ने द्रोणपुरी, पटेल नगर पूर्व, कांवली रोड और विजय पार्क वार्डों में जनसंपर्क किया। इस दौरान आयोजित सभाओं में स्थानीय लोगों ने बिजली, पेयजल, सड़क और सीवर से जुड़ी समस्याएं उनके सामने रखीं। कांग्रेस नेता ने कहा कि जनता की समस्याएं सुनने के लिए जनप्रतिनिधियों को लगातार क्षेत्र में मौजूद रहना चाहिए, लेकिन कैंट विधानसभा में लंबे समय से स्थिति इसके विपरीत बनी हुई है।

तीन दशक का कब्जा, फिर भी सड़कें बदहाल
राजीव महर्षि ने कहा कि कैंट विधानसभा क्षेत्र में करीब 30 वर्षों से भाजपा का राजनीतिक दबदबा है, लेकिन इतने लंबे समय के बाद भी क्षेत्र के कई इलाकों में मूलभूत सुविधाओं की स्थिति संतोषजनक नहीं है। उन्होंने कौलागढ़ में वर्ष 2022 में सड़क के दलदल में तब्दील होने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि वर्षों बीतने के बाद भी सड़क की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है।
उन्होंने आरोप लगाया कि वार्डों की कई कॉलोनियों में सीवर व्यवस्था बदहाल है, पेयजल और बिजली की समस्या बनी हुई है। लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी परेशान होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह स्थिति लंबे समय से सत्ता में रही भाजपा सरकार और उसके जनप्रतिनिधियों के विकास के दावों पर सवाल खड़े करती है।
बेरोजगारी को लेकर भी सरकार पर निशाना
महर्षि ने युवाओं की बेरोजगारी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि बड़ी संख्या में युवा रोजगार की तलाश में भटक रहे हैं, लेकिन सरकार उन्हें पर्याप्त रोजगार के अवसर उपलब्ध नहीं करा पाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में आम लोगों की समस्याओं की सुनवाई प्रभावी तरीके से नहीं हो रही है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में जनसंपर्क के दौरान जिस तरह लोग बिजली, पानी, सड़क, सीवर और रोजगार जैसे मुद्दे उठा रहे हैं, उससे साफ है कि जनता अब बदलाव चाहती है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में जनता भाजपा के लंबे शासन का हिसाब मांगने वाली है।
जगदीश धीमान बोले-भाजपा की उल्टी गिनती शुरू
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जगदीश धीमान ने कहा कि लोगों के सब्र का बांध अब टूट चुका है। उन्होंने दावा किया कि जनता बदलाव के मूड में है और भाजपा की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर जनता की समस्याओं को समझने और उन्हें पार्टी के मंच तक पहुंचाने का आह्वान किया।
जनसंपर्क अभियान के दौरान कार्यक्रम आयोजक संजय भारती, कैंट विधानसभा ब्लॉक अध्यक्ष महिला कांग्रेस अंजू भारती, सौरव शर्मा, गीतांजलि शर्मा, दीपक कुमार, बब्बन भाई, पूनम गुप्ता, कौशल्या देवी और प्रीति गुप्ता सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश कांग्रेस सचिव गीताराम जायसवाल ने किया।
