Haridwar Woman Murder Case: Postmortem Reveals Strangulation, Police Begin Investigation
- आस्था पथ की झाड़ियों में मिला था शव
- दस दिन बाद पीएम रिपोर्ट में हुआ हत्या का खुलासा
- नाक और गर्दन की हड्डी टूटी,
- शरीर पर मिले कई चोटों के निशान
- पुलिस ने अज्ञात में दर्ज किया मुकदमा
हरिद्वार@Rashtriy Vichar। धर्मनगरी हरिद्वार से एक दर्दनाक घटना का पुलिस ने खुलासा किया है, स्थानीय नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित आस्था पथ के पास झाड़ियों में दस दिन पहले मिले एक महिला के शव के मामले में बुधवार को अहम खुलासा हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि महिला की हत्या की गई थी, जिसके बाद कोतवाली पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गौरतलब है कि 28 जून को रोडीबेलवाला चौकी क्षेत्र के आस्था पथ स्थित गंगा रोखड़ की झाड़ियों में लगभग 25 से 30 वर्ष की एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ था। सूचना मिलते ही महिला उपनिरीक्षक अनिता शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। जांच के दौरान महिला के नाक और मुंह पर खून के निशान मिले थे, वहीं कंधे और घुटनों पर भी चोट के निशान पाए गए थे। मौके पर महिला के कपड़े फटे हुए भी मिले थे। शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी भेजा गया और पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की गई। पहचान के लिए फोटो और पंपलेट के जरिए प्रयास किए गए, लेकिन अब तक महिला की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
बुधवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चिकित्सकों ने बताया कि महिला की मौत गला घोंटने और मुंह दबाकर दम घुटने से हुई थी। इसके अलावा उसकी गर्दन और नाक की हड्डी टूटी हुई मिली, साथ ही शरीर पर कई अन्य चोटों के निशान भी थे।
कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और घटनास्थल के आसपास के साक्ष्यों तथा सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। महिला की पहचान और हत्यारे तक पहुंचने के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। इस घटना के खुलासे क्षेत्र में भय का माहौल व्याप्त है।
