A government primary school headmistress in Haridwar has accused two men of harassment under the guise of RTI applications, demanding ₹10 million in extortion and threatening her job. Police have registered a case and launched an investigation
- स्कूल में दबाव बनाने, व्हाट्सएप कॉल से धमकाने और 70 लाख में समझौते के आरोप
- दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज
हरिद्वार@Rashtriy Vichar। श्यामपुर क्षेत्र के एक राजकीय प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका ने दो व्यक्तियों पर सूचना का अधिकार (आरटीआई) की आड़ में उत्पीड़न, एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और नौकरी खत्म कराने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राजकीय प्राथमिक विद्यालय सजनपुरा की प्रधानाध्यापिका पूनम ममगाई ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि आरोपी आरटीआई के माध्यम से निजी जानकारियां मांगकर लगातार मानसिक दबाव बना रहे थे। निजी सूचनाएं उपलब्ध नहीं कराने पर कथित रूप से उन्हें धमकाया गया। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पहले भी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत की जा चुकी थी।
आरोप है कि जांच के दौरान एक आरोपी स्वयं को विश्वविद्यालय की जांच समिति का सदस्य बताकर स्कूल पहुंचा और दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराने का दबाव बनाया। मना करने पर नौकरी समाप्त कराने और जीवन बर्बाद करने की धमकी दी गई। पीड़िता का यह भी आरोप है कि 29 मई को ज्वालापुर में उन्हें बुलाकर एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई, जबकि दूसरे आरोपी ने 70 लाख रुपये में मामला निपटाने का प्रस्ताव दिया।
प्रधानाध्यापिका ने स्क्रीनशॉट, गवाहों और अन्य साक्ष्य पुलिस को सौंपे हैं। श्यामपुर पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
