Garhwal Commissioner Orders Action After Surprise Inspection of Government Offices in Pauri
- गढ़वाल आयुक्त ने विभागीय कार्यालयों की व्यवस्थाएं परखी, जनहित मामलों में सुधार के निर्देश
देहरादून@Rashtriy Vichar@Acction#। गढ़वाल मंडल के आयुक्त आनंद स्वरूप ने बुधवार को पौड़ी स्थित विभिन्न विभागीय कार्यालयों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान जनहित से जुड़े मामलों में लापरवाही मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और दो कर्मचारियों के वेतन रोकने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने संभागीय परिवहन कार्यालय, संयुक्त निदेशक उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग तथा अपर निदेशक कृषि कार्यालय का निरीक्षण किया। संभागीय परिवहन कार्यालय में उन्होंने शिकायत पेटी लगाने, अभिलेख व्यवस्थित रखने और सीएम हेल्पलाइन मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही चारधाम यात्रा मार्ग पर पार्किंग व्यवस्था और चालान संबंधी मामलों की भी समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों को यात्रियों और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधा देने तथा पार्किंग स्थलों का समयबद्ध चिन्हीकरण करने के निर्देश दिए। आयुक्त ने जुलाई 2025 से 15 जून 2026 तक हुई सड़क दुर्घटनाओं का विवरण मांगा और डुंगरी में बन रहे ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक की प्रगति की जानकारी ली।
उद्यान विभाग में उन्होंने योजनाओं की जानकारी प्रदर्शित करने, शिकायत पेटी लगाने और किसानों को वितरित पौध व बीजों का विवरण उपलब्ध कराने को कहा। वहीं अपर निदेशक कृषि कार्यालय में प्रधान सहायक के अनुपस्थित मिलने और किसान सम्मान निधि से जुड़े मामले में शिकायतकर्ता की सुनवाई न होने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई।
आयुक्त ने संबंधित प्रधान सहायक और सहायक कृषि अधिकारी (वर्ग-1) के वेतन रोकने के निर्देश दिए। साथ ही विभागीय अधिकारियों को नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और बायोमेट्रिक व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए।
