- धनाई बोले,स्वीकृत योजनाओं के धरातल पर न उतरने से लंगड़ा गया क्षेत्र का विकास
वाचस्पति रयाल@नरेंद्रनगर। टिहरी विधानसभा के पूर्व विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री दिनेश धनाई ने जाखणीधार विकासखंड की ग्राम पंचायत उठड़ एवं चौपड़ा में सोमवार को चौपाल लगाकर जन-संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का भरोसा दिलाया।
गांवों के भ्रमण के बाद आयोजित चौपाल में ग्रामीणों ने क्षेत्र में लंबे समय से लंबित पड़ी विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। विशेष रूप से पुनर्वास से जुड़ी समस्याओं, मूलभूत सुविधाओं की कमी, रोजगार के अवसरों का अभाव और अधूरी विकास योजनाओं को लेकर ग्रामीणों ने नाराजगी व्यक्त की।
चौपाल को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री दिनेश धनाई ने कहा कि उनके कार्यकाल के बाद बीते दस वर्षों में जाखणीधार क्षेत्र को एक भी नई विकास योजना की स्वीकृति नहीं मिली, जिसके कारण क्षेत्र का विकास पूरी तरह से ठप हो गया है। उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है मानो क्षेत्र के विकास को “लकवा” मार गया हो।
धनाई ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने कोशियार पंपिंग योजना को चालू कराया, नंदगांव में गैस एजेंसी खुलवाई, राजकीय पॉलिटेक्निक भवन का निर्माण व संचालन कराया, टिहरी झील में बोटिंग शुरू कराकर सैकड़ों लोगों को रोजगार से जोड़ा, तथा जाखणीधार–पिपडाली खाद्यान्न गोदाम को स्वीकृति दिलाई थी।
उन्होंने कहा कि दुर्भाग्यवश इन स्वीकृत योजनाओं को आगे नहीं बढ़ाया गया, जिससे जनता आज स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रही है।
पूर्व मंत्री ने कहा कि यदि इन योजनाओं को समय रहते धरातल पर उतारा गया होता, तो न केवल क्षेत्र का समग्र विकास होता, बल्कि युवाओं को रोजगार के अवसर भी मिलते और उन्हें संघर्ष के लिए सड़कों पर उतरने की मजबूरी नहीं होती।
ग्रामीणों द्वारा रखी गई पुनर्वास से जुड़ी समस्याओं पर उन्होंने गंभीरता से संज्ञान लेते हुए भरोसा दिलाया कि इन मुद्दों को संबंधित मंचों और स्तरों पर मजबूती से उठाया जाएगा और समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख जाखणीधार राजेश नौटियाल, ग्राम पंचायत उठड़ की प्रधान अनीता रावत, पूर्व प्रधान समन सिंह रावत, क्षेत्र पंचायत सदस्य गोपाल सिंह, ग्राम पंचायत चौपड़ा की प्रधान गीता देवी, पूर्व प्रधान जसमती देवी, पूर्व मंडल महामंत्री भाजपा अमर सिंह, पूर्व प्रधान जसपाल सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में सुनीता रावत, नीलम रावत, यशपाल पंवार, दर्शन सिंह, भरत सिंह, संगीता देवी, गोवर्धन सिंह, शीशपाल सिंह, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष प्रताप गुसाईं, पूर्व प्रधान जया पंवार, मनोज रावत, अमित रतूड़ी सहित सैकड़ों ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी रही।
